Bihar: भाजपा महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में उपेंद्र कुशवाहा से मिले पवन सिंह, जानें आगे का प्लान

Neelam
By Neelam
3 Min Read

भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह ने मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े से मुलाकात की। ये मुलाकात सांसद उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर हुई। इस मुलाकात की चर्चा से सियासी गलियारे में भी खूब गहमा-गहमी है। इस बैठक की कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। विनोद तावड़े ने कहा कि पवन सिंह बीजेपी में हैं। आने वाले चुनाव में बीजेपी के कार्यकर्ता के तौर पर पवन सिंह काम करेंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपना बड़ा दांव चल दिया है। चुनाव से पहले पवन सिंह भारतीय जनता पार्टी में वापस लौट आए हैं। नई दिल्ली में मंगलवार को उपेंद्र कुशवाहा से मीटिंग के बाद भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री विनोद तावड़े ने यह ऐलान किया। मंगलवार को दिल्ली में हुई बैठक में बीजेपी नेता विनोद तावड़े और उपेंद्र कुशवाहा के साथ भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह नजर आए। इसके बाद तावड़े ने साफ कर दिया कि पवन सिंह बीजेपी में थे और रहेंगे।

बीजेपी में ही हैं पवन सिंह-तावड़े

तावड़े ने बैठक के बाद कहा कि पवन जी भाजपा में ही हैं। आदरणीय उपेंद्र कुशवाहा जी ने उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया है। आने वाले दिनों में पवन जी सक्रियता से एनडीए के लिए काम करेंगे, भाजपा के कार्यकर्ता के तौर पर। उनकी इस घोषणा से सियासी पारा गरम हो उठा है। इस बीच सूत्र बता रहे हैं कि पवन सिंह विधानसभा चुनाव लड़ने की भी तैयारी कर रहे हैं। अब सबसे ज्यादा जिस चीज की चर्चा हो रही है वो ये है कि पवन सिंह कहां से चुनाव लड़ेंगे? क्या बीजेपी आरा से पवन सिंह को टिकट देगी?

लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा से दूरी बनाई

बीते साल हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पवन सिंह को आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, पवन सिंह ने अगले ही दिन इस सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने शत्रुघ्न सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था। पवन सिंह के नाम वापस लेने के बाद उनकी भाजपा से दूरियां बनना शुरू हो गई थीं। हालांकि, इसमें अगला पड़ाव तब आया, जब भोजपुरी स्टार ने काराकाट सीट से निर्दलीय ही ताल ठोंकने का एलान कर दिया। इस सीट पर एनडीए पहले ही उपेंद्र कुशवाहा का नाम तय कर चुकी थी। इसके बाद भाजपा ने पवन सिंह को निष्कासित कर दिया था।

Share This Article