Bihar: बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने की मुसलमानों को लेकर विवादित टिप्पणी, चुनाव से पहले और बढ़ेगा सियासी बवाल

Neelam
By Neelam
3 Min Read

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। केंद्रीय कपड़ा मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने मुसलमानों को लेकर विवादित टिप्पणी की है। बेगूसराय में आदित्य बिड़ला फैशन रिटेल फैक्ट्री के उद्घाटन समारोह में जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए मुसलमानों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमान केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ लेते हैं, लेकिन भाजपा को वोट नहीं देते। उन्होंने लोगों से पूछा कि जिसकी आप मदद करते हैं, अगर वही बेईमान हो जाए, तो उसे नमक हराम तो कहेंगे ही ना? 

बेगूसराय में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में सबके विकास के लिए नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार मिलकर काम कर रहे हैं। मुस्लिम समुदाय के लोग तमाम तरह की सरकारी योजनाओं का लाभ तो लेते हैं, लेकिन वोट नहीं देते। उन्होंने कहा कि जब मुसलमानों से पूछा जाता है कि क्या उन्होंने योजनाओं का लाभ लिया, तो कहते हैं हां, मोदी जी को वोट दिया, तो कहते हैं हां, जब खुदा की कसम खाने को कहा जाता है, तो कहते हैं नहीं।

मदद लेकर भी…

गिरिराज सिंह ने पूछा कि क्या सरकारी योजनाओं में हिंदू-मुस्लिम का भेदभाव किया गया, जिस पर मौलवी ने इनकार किया, लेकिन वोट न देने की बात स्वीकार की। गिरिराज सिंह ने कहा कि जब मस्जिदों से फतवा जारी होगा, तो अब मंदिरों से भी हुंकार भरी जाएगी, जिसके बाद लोगों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। उन्होंने मुसलमानों को ‘नमक हराम’ कहते हुए कहा कि जो लोग मदद लेकर भी मदद नहीं करते, उन्हें यही कहा जाएगा।

राहुल गांधी बहुत नीचे गिर गए हैं-गिरिराज सिंह

गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के एआई वीडियो को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने इसे महिलाओं और गरीबों का अपमान बताया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, मैं बस इतना कहूंगा कि राहुल गांधी बहुत नीचे गिर गए हैं। जैसे उन्हें अपनी मां की परवाह नहीं है, वैसे ही वह किसी और की मां का सम्मान कैसे कर सकते हैं?

Share This Article