बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 71वीं एकीकृत संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा आज यानी शनिवार को आयोजित की जा रही है। इस बार 4 लाख 70 हजार से अधिक उम्मीदवार शामिल होंगे। राज्यभर के 37 जिलों में 912 केंद्र बनाए गए हैं। आयोग ने पारदर्शी और कदाचार मुक्त परीक्षा करने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। आयोग ने उम्मीदवारों के लिए दिशा निर्देश भी जारी किया है।

सभी केंद्रों पर सीसीटीवी और जैमर की व्यवस्था
बीपीएससी 71वीं संयुक्त प्रवेश परीक्षा 37 जिलों के 912 केंद्रों बनाए गए हैं। वहीं पटना में 70 केंद्रों पर 50244 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक रखा गया है। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा और 11 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी और जैमर की व्यवस्था है।
बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज होगी
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज होगी। साथ ही परीक्षा की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की जाएगी। कदाचार में पकड़े जाने पर अभ्यर्थी को न सिर्फ इस परीक्षा से, बल्कि अगले पांच वर्षों तक आयोग की किसी भी परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा। वहीं अफवाह फैलाने वालों को तीन साल तक परीक्षा देने से रोक दिया जाएगा।
परीक्षा से पहले दूर हुए सवा लाख परीक्षार्थी
जानकारी अनुसार परीक्षा के लिए 4 लाख 70 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन शुक्रवार शाम तक केवल 3 लाख 45 हजार उम्मीदवारों ने ही एडमिट कार्ड डाउनलोड किया। यानी, लगभग सवा लाख परीक्षार्थी पहले ही परीक्षा से दूर हो गए हैं। पिछले वर्ष 70वीं परीक्षा में भी करीब 40 हजार उम्मीदवारों ने एडमिट कार्ड लेने के बावजूद परीक्षा में भाग नहीं लिया था। ऐसे में इस बार उपस्थिति और कम रहने की संभावना है।

