के पारस अस्पताल में चंदन मिश्रा हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की खबर सामने आई है। पटना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। हत्या में शामिल 5 से 6 अपराधियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। ये सभी गिरफ्तारी शुक्रवार को की गई और फिलहाल वहीं पर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक तौर पर पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोग शेरू सिंह गिरोह के सदस्य हैं। जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस पुरुलिया जेल में बंद शेरू सिंह के नेटवर्क को खंगाल रही थी। इसी दौरान पुलिस को पश्चिम बंगाल में कुछ संदिग्धों के बारे में पता चला। इसके बाद पटना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम पश्चिम बंगाल में ही सभी से पूछताछ कर रही है। कानूनी प्रकिया पूरी करने के बाद सभी को पटना लाया जाएगा।
बढ़ सकती है गिरफ्तारियों की संख्या
हत्या के महज 48 घंटे के भीतर बिहार पुलिस की टीम ने इन शूटरों को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। जिसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में छापेमारी अभियान अब भी जारी है और गिरफ्तारियों की संख्या और बढ़ सकती है।
हत्याकांड में 10 शूटर
चंदन मिश्रा हत्याकांड में तौसीफ उर्फ बादशाह, बलवंत, अभिषेक, मन्नु सिंह, नीलेश, सूर्यमान, नीशू सहित 10 शूटर्स के नाम सामने आए थे। अपराधियों के पश्चिम बंगाल में होने की सूचना मिलने के तुरंत बाद ही पुलिस अधिकारियों ने छापेमारी टीम को फ्लाइट से वहां भेज दिया। बिहार पुलिस के आलाधिकारी पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद मुख्य शूटर अपने परिजनों को लेकर गयाजी भी गया था। गयाजी से पुलिस ने परिजनों को हिरासत में लिया था। सूत्र बताते हैं कि परिजनों ने ही पुलिस को बादशाह के पश्चिम बंगाल भागने की जानकारी दी थी।
कौन था कुख्यात चंदन मिश्रा?
पटना में गुरुवार की सुबह निजी अस्पताल पारस में अपराधियों ने घुसकर चंदन की हत्या कर दी। ये हत्या पारस अस्पताल के आईसीयू वार्ड में हुई। चंदन मिश्रा पारस अस्पताल के ICU वार्ड नंबर 209 में भर्ती था। यहां पांच शूटर्स बेखौफ होकर पहुंचे और अंदर घुसकर कई राउंड फायरिंग की। जिससे उसकी मौत हो गई। चंदन मिश्रा नाम का व्यक्ति जो पटना के बेऊर जेल में बंद था, वो भी हत्या के जुर्म में ही जेल में था। पैरोल पर इलाज कराने पटना के पारस अस्पताल में भर्ती हुआ था। चंदन मिश्रा 10 से ज्यादा हत्याओं का आरोपी था। बक्सर में चंदन एक गैंग चलाता था। उस गैंग का वो लीडर था।