Bihar: चार विधायक पहले ही पार्टी छोड़ चुके हैं, दो और गए तो… राजद से पलायन पर मंगनी लाल का बड़ा बयान

Neelam
By Neelam
3 Min Read

विधानसभा चुनाव से पहले आरजेडी के दो विधायकों ने कुछ ऐसा कर दिया की बिहार की सियासत में हड़कंप मच गया। नवादा की विधायक विभा देवी और रजौली के विधायक प्रकाशवीर गयाजी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंच पर नजर आए। ये तस्वीर सामने आने के बाद प्रदेश का सियासी पारा हाई हो गया। अब इस मामले में आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने बड़ा दिया है। मंगनी लाल मंडल ने कहा कि पहले ही चार विधायक पार्टी छोड़ चुके थे और अब दो और चले गए हैं। बावजूद इसके, इसका पार्टी पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा।

पार्टी को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा-मंगली लाल

नवादा से विधायक विभा देवी और रजौली से विधायक प्रकाशवीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर नजर आए। जिसके बाद दोनों नेताओं के आरजेडी छोड़ने की अटकलें तेज हो गईं। इससे पहले साल की शुरुआत में आरजेडी के चार विधायक एनडीए का दामन थाम चुके हैं। इस पर आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा।

दो और चले गए तो क्या फर्क पड़ता है-मंगनी लाल

मंगनी लाल ने कहा, पिछले चुनाव में हमारी पार्टी को 78 विधायक मिले थे। इनमें से चार पहले ही चले गए, अब दो और चले गए तो क्या फर्क पड़ता है। जनता का विश्वास हमारे साथ है और सीटें हमारी ही रहेंगी।

विभा देवी पर जमकर साधा निशाना

इस दौरान मंगनी लाल ने विभा देवी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके पति राजबल्लभ यादव हाल ही में रेप केस से बरी हुए हैं। उनका आरोप है कि इसमें सरकार की मिलीभगत रही। उनके अनुसार, सरकार पर्याप्त सबूत जुटाने में नाकाम रही और इसी कारण हाई कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया।

भविष्य में पार्टी छोड़ने वालों को कभी टिकट नहीं मिलेगा- मंगनी लाल

आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने साफ कहा कि पार्टी छोड़ने वाले विधायकों को भविष्य में कोई टिकट नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि लालू यादव ने खुद राजबल्लभ यादव को टिकट दिया था, बावजूद इसके वे पार्टी छोड़कर चले गए। उन्होंने यह भी कहा कि नवादा की सीट आरजेडी की परंपरागत सीट है और पार्टी का जनाधार अब भी कायम है।

राजबल्लभ यादव रेप केस में उम्रकैद की सजा से बरी

दरअसल, राजबल्लभ यादव को निचली अदालत ने नाबालिग से रेप केस में उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जिसके चलते उनकी विधायकी भी चली गई थी। लेकिन पटना हाई कोर्ट ने सबूतों के अभाव में उन्हें बरी कर दिया। इसके बाद 2020 में आरजेडी ने उनकी पत्नी विभा देवी को टिकट दिया और वे नवादा से विधायक बनीं। अब उनके मोदी मंच पर जाने से सियासत गरमा गई है।

Share This Article