खाड़ी देशों में फंसे अपनों की मदद के लिए आगे आई बिहार सरकार, हेल्पलाइन नंबर जारी

Neelam
By Neelam
4 Min Read

अमेरिका- इजरायल और ईरान के बीच छिड़े युद्ध की वजह से पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में तनाव चरम पर है। बीतते दिन के साथ तनाव और बढ़ने की आशंका ने दुनिया भर की चिंता बढ़ा दी है। तनाव और असुरक्षा के माहौल ने विदेशों में रह रहे भारतीयों की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच बिहार सरकार वहां रह रहे बिहार के प्रवासियों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए आगे आ है।

बिहार भवन के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध संकट के बीच बिहार सरकार ने वहां काम कर रहे प्रवासी कामगारों की सुरक्षा को लेकर बेहद महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग ने दिल्ली स्थित बिहार भवन के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर- 7217788114 जारी किया है, ताकि विदेशों में रह रहे प्रवासी बिहारियों और उनके परिजनों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

कोई बिहारी खुद को अकेला न समझे

हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए दीपक आनन्द ने कहा कि बिहार सरकार अपने नागरिकों और कामगारों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मध्य-पूर्व में मौजूदा तनावपूरेण हालात को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि संकट की स्थिति में कोई भी प्रवासी बिहारी खुद को अकेला महसूस न करे।

प्रवासी बिहारियों को त्वरित मदद मिलेगी

श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद ने स्पष्ट किया कि इस हेल्पलाइन नंबर के जरिए प्रवासी कामगार किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई कर संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में बिहारी

बता दें कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण कई देशों में हवाई सेवाएं बाधित हुई हैं। एयरपोर्ट बंद होने और फ्लाइट कैंसिल होने की खबरों ने खाड़ी देशों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों की चिंता बढ़ा दी है। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, ओमान, कुवैत, बहरीन, इराक और ईरान जैसे देशों में बड़ी संख्या में बिहारी काम करते हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने एहतियात के तौर पर यह व्यवस्था की है।

सम्राट चौधरी बोले- सरकार अपने नागरिकों के साथ खड़ी

वहीं, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया है कि संकट की इस घड़ी में सरकार अपने नागरिकों के साथ खड़ी है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पश्चिम एशिया की परिस्थितियों पर बिहार सरकार लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि विभाग की एक विशेष टीम गठित की गई है जो 24×7 (चौबीसों घंटे) स्थिति की निगरानी करेगी। यह टीम न केवल वहां के घटनाक्रमों पर अपडेट ले रही है, बल्कि संकट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के लिए केंद्र सरकार और संबंधित अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर रही। 

Share This Article