Bihar: गांधी मैदान में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने फहराया तिरंगा, नीतीश कुमार ने सीएम आवास पर दी तिरंगे को सलामी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

आज 77वां गणतंत्र दिवस है। इस मौके पर पटना समेत पूरे देश में तिरंगा फहराया गया। बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भी गणतंत्र दिवस समारोह के दिन बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को इस समारोह में सशस्त्र बलों ने सलामी दी। इस दौरान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बिहारवासियों को संबोधित किया। वहीं, सीएम नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर तिरंगे को सलामी दी।

21 टुकड़ियों की परेड

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान गांधी ने मैदान में तिरंगा फहराया। उनके साथ सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समारोह में मौजूद हैं। तिरंगे को सलामी देने के बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान गांधी मैदान में परेड की सलामी ली। इस बार 21 टुकड़ियों की परेड निकाली गई।

12 विभागों की आकर्षक झांकियां

बिहार सरकार के 12 विभागों की आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं। इनमें सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और सामाजिक संदेशों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया जाएगा। इन झांकियों में कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा “परंपरा से संरक्षण तक”, परिवहन विभाग की “नारी शक्ति, राष्ट्र शक्ति”, विधि विभाग की “स्वच्छ पर्यावरण, सशक्त भारत”, जीविका की “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना”, पर्यटन विभाग की “मां जानकी जन्मस्थली, पुनौरा धाम”, ऊर्जा विभाग की “कजरा सोलर परियोजना”, सहकारिता की “विकसित पैक्स, विकसित बिहार”, अग्निशमन की “कर्तव्य पर अडिग”, कृषि विभाग की “तेलहन से समृद्धि”, शिक्षा विभाग की “सुरक्षित विद्यालय, उज्ज्वल भविष्य”, उद्योग विभाग की “समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार” तथा मद्य निषेध विभाग की “नशा मुक्त बिहार, सशक्त परिवार” जैसी विषयवस्तुएं शामिल हुईं। 

उल्लेखनीय कार्य करने वाले जवानों को सम्मान

राज्यपाल ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले जवानों को पुरस्कार दिया। इसमें भोजपुर के लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी को सात लाख 50 हजार रुपये, पूर्णिया के शशिभूषण कुमार को, समस्तीपुर के मेजर जनरल अखिलेश कुमार को शामिल हैं। 

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद का संबोधन

इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने अपने संबौधन में कहा कि 77 वर्ष पूर्व देश में गौरवशाली संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य स्थापित हुआ और संसदीय व्यवस्था पर आधारित शासन की नींव रखी गई। संविधान के माध्यम से राष्ट्र के सभी नागरिकों के लिए सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय तथा विचार अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित हुई है। संविधान के द्वारा प्रदत्त प्रतिष्ठा और अवसर की समानता तथा लोगों को गरिमापूर्ण जीवन उपलब्ध कराने के सिद्धान्त हमारे पथ प्रदर्शक हैं। इन्हीं के सहारे देश के सर्वांगीण विकास की परिकल्पनायें पूरी हो रही हैं। राज्यपाल ने कहा कि बिहार सरकार ने समाज हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है। लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए सरकार काम कर रही है। 

Share This Article