Bihar: हाजीपुर की दवा कंपनी पर लटका ताला, बच्चों के कफ सिरप में मिला एथिलीन ग्लाइकोल

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर से बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ की खबर है। हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में बच्चों के लिए कफ सिरप बनाने वाली कंपनी ‘ट्रिडस रेमेडीज प्राइवेट लिमिटेड’ पर ताला लटक गया है। बताया जा रहा है कि जिन बच्चों के कफ सिरप पर तेलंगाना में प्रतिबंध लगाया गया है, उसका निर्माण हाजीपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित इसी कंपनी में किया जाता था।

बता दें कि केंद्रीय ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा अक्तूबर माह में ट्रिडस रेमेडीज में निर्मित सिरप का सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट कुछ दिन पहले आई है। जांच रिपोर्ट में अल्मोंट-किड सिरप में एथिलीन ग्लाइकोल जैसे घातक रसायन की मौजूदगी पाई गई है। इसके बाद केंद्रीय औषधि नियंत्रक ने इस दवा की बिक्री, वितरण और उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया।

1.4876 प्रतिशत एथिलीन ग्लाइकोल पाई गई

रिपोर्ट के मुताबिक, अल्मोंट-किड (Almont-Kid) सिरप में एथिलीन ग्लाइकोल जैसे अत्यंत विषैले रसायन की मात्रा 1.4876 प्रतिशत पाई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह रसायन बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है और पूर्व में अन्य राज्यों में इसके कारण बच्चों की मौत के मामले भी सामने आ चुके हैं। यह सिरप बच्चों में एलर्जी के लक्षण जैसे नाक बहना, छींक आना, खुजली, सूजन, जलन और आंखों से पानी आने की स्थिति में दिया जाता था।

दवा के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार इस दवा की सप्लाई बिहार में केवल किशनगंज जिले में की गई थी, वह भी बहुत कम मात्रा में। हालांकि केंद्रीय औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा सैंपल में खामी पाए जाने के बाद सभी राज्यों को इस दवा के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके आलोक में यह प्रतिबंध लगाया गया है। बताया जा रहा है कि कंपनी द्वारा संबंधित बैच की दवाओं को वापस मंगाया जा रहा है।

Share This Article