Bihar: पटना में पुलिस का एनकाउंटर, कुख्यात अपराधी मैनेजर राय को लगी गोली

Neelam
By Neelam
2 Min Read

पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। इसी दौरान खगौल थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधी के बीच एनकाउंटर हो गया। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी मैनेजर राय को गोली लग गई। जिसे इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया है।

25 हजार का इनामी है अपराधी मैनेजर

दानापुर अनुमंडल के खगौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी मैनेजर राय गोली लगने से घायल हो गया। घायल अपराधी को इलाज के लिए एम्स पटना में भर्ती कराया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई

बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मैनेजर राय खगौल इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। खुद को घिरता देख अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें अपराधी घायल हो गया। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

लूट हत्या समेत दर्जनों मामले हैं दर्ज

पुलिस के अनुसार, मैनेजर राय वर्ष 2022 में खगौल थाना क्षेत्र में हुए डॉ. मो. अनावर आलम हत्याकांड में शामिल रहा है। इसके अलावा उस पर रंगदारी, लूट और हत्या जैसे एक दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मैनेजर राय पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के दामाद से जुड़े एक रंगदारी मामले में भी वांछित रहा है। वह लंबे समय से पुलिस की तलाश में था।

Share This Article