बिहार में नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। राज्य सरकार ने 18 प्रमुख नेताओं की सुरक्षा श्रेणी में बदलाव किया है। कुछ नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई गई है, जबकि कई नेताओं का सुरक्षा घेरा कम या पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। इनमें शत्रुघ्न सिन्हा, तेजस्वी यादव, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तक शामिल हैं।

राज्य में सुरक्षा आकलन के आधार पर कई नेताओं की सुरक्षा श्रेणियों में बड़े बदलाव किए गए हैं। 16 जनवरी, 2026 को आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद, गृह विभाग ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र जारी कर इन बदलावों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार के संयुक्त सचिव नवीन चंद्र ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए पटना के डीजीपी को पत्र लिखा है।
शत्रुघ्न सिन्हा के Z+ की जगह Y श्रेणी की सुरक्षा
शॉट गन कहे जाने वाले शत्रुघ्न सिन्हा को बिहार में Z+ की सुरक्षा मिली हुई थी। अब Y श्रेणी की सुरक्षा कर दी गई है। वहीं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार की भी सुरक्षा घटा दी गई है। उन्हें पहले से वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली थी। अब एक्स श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी।
तेजस्वी की सुरक्षा में कटौती
इस सूची में सबसे चौंकाने वाला नाम नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का है। अब तक जेड (Z) श्रेणी की सुरक्षा घेरे में रहने वाले तेजस्वी की सुरक्षा को घटाकर अब वाई प्लस (Y+) कर दिया गया है। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि उन्हें एस्कॉर्ट वाहन की सुविधा मिलती रहेगी।
नितिन नवीन को बुलेटप्रूफ कवच
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता नितिन नवीन की सुरक्षा में बड़ा इजाफा किया गया है। उन्हें अब जेड (Z) लेवल की सुरक्षा के साथ-साथ बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा भी मिलेगी। इसी तरह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व मंत्री मंगल पांडे और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह को भी जेड (Z) श्रेणी की उच्च स्तरीय सुरक्षा प्रदान की गई है।
गिरिराज सिंह की सुरक्षा व्यवस्था हुई मजबूत
दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए उन्हें वाई प्लस (Y+) श्रेणी के साथ एक विशेष एस्कॉर्ट गाड़ी प्रदान की गई है। जेडीयू के एमएलसी संजय सिंह को वाई श्रेणी की सुरक्षा थी, अब वाई सुरक्षा के साथ एस्कॉर्ट की सुविधा मिलेगी। वहीं हरनौत के पूर्व विधायक रहे इंजीनियर सुनील कुमार को एक्स श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। पहले उन्हें कोई सुरक्षा नहीं थी। नवादा से सांसद और बीजेपी नेता विवेक ठाकुर को पहले वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी। अब वाई प्लस कर दी गई है। चिराग पासवान के बहनोई और जमुई सांसद अरुण भारती को वाई प्लस की सुरक्षा दी गई है। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष और अमौर से विधायक अख्तरुल ईमान को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।
सुरक्षा पूरी तरह समाप्त
गृह विभाग ने तीन कद्दावर नेताओं की सुरक्षा को अनावश्यक मानते हुए पूरी तरह वापस ले लिया है। इनमें कांग्रेस के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधान पार्षद मदन मोहन झा, और बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी शामिल हैं। इन नेताओं के पास अब कोई सरकारी सुरक्षा घेरा नहीं होगा।

