Bihar: चुनाव से पहले मजबूत हो रही जनसुराज पार्टी, पीके साथ आए भोजपुरी सिंगर रितेश पाण्डेय और रिटायर्ड IG

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच एनडीए और महागठबंधन जोर-शोर से लगी हैं। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी, जन सुराज भी ताल ठोक रही है। इस बीच बिहार में सियासी जमीन बनाने में जुटे प्रशांत किशोर अपनी पार्टी को लगातार मजबूत बनाने में जुटे हैं। अब पूर्व आईपीएस अधिकारी जय प्रकाश सिंह उर्फ जेपी सिंह और भोजपुरी स्टार रितेश पांडेय ने शुक्रवार को जन सुराज दामन थामा है। दोनों ने पटना में पीके की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। बता दें कि छपरा निवासी जेपी सिंह हिमाचल कैडर के आईपीएस हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले ही वीआरएस लिया है। वहीं, रितेश पाण्डेय भोजपुरी इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर और एक्टर हैं।

क्या बोले जय प्रकाश सिंह?

वीआरएस लेकर जन सुराज से जुड़ने वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी जय प्रकाश ने कहा, जिस तरह देश में बदलाव के लिए गांधी जी पैदल चले ठीक उसी तरह प्रशांत किशोर चले, जिससे मैं काफी प्रभावित हुआ। जेपी सिंह ने कहा कि वो प्रशांत किशोर से बहुत पहले जुड़ चुके थे। उन्होंने बिहार की स्थिति के बारे में कहते हुए पीड़ा व्यक्त की। जेपी सिंह ने कहा कि वे देश में महत्वपूर्ण पदों पर रहे। अब लगा कि उन्हें प्रशांत किशोर की इस मुहिम में शामिल होना चाहिए, इसलिए इस्तीफा देकर वे प्रशांत किशोर के साथ आ गए। उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देगी उसे वो पूरी मेहनत और लगन से पूरा करेंगे।

Advertisement

करगहर से चुनाव लड़ सकते हैं रितेश

रितेश पाण्डेय रोहतास जिले के काराकाट के रहने वाले हैं। उन्होंने बिहार को बदलने के लिए जन सुराज को चुना है। प्रशांत किशोर के अनुसार, ‘रितेश पाण्डेय काराकाट इलाके के रहने वाले हैं। उन्होंने बिहार को बदहाली से निकालने के लिए जन सुराज का दामन थामा है। भोजपुरी में उनके चाहने वालों का कुनबा बहुत बड़ा है। इनके पिताजी शिक्षक थे लेकिन लालू यादव के राज में उनकी नौकरी चली गई। संघर्ष करके यहां तक पहुंचे। 40 से 50 फिल्मों में इन्होंने काम भी किया। उस वैभव को छोड़कर बिहार बदलने की मकसद से जनसुराज के साथ आ गए हैं।

बीजेपी छोड़ पीके से जुड़े मनीष कश्यप

पिछले दिनों चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने भी भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर जन सुराज का दामन थामा था। प्रशांत किशोर ने ही उन्हें सदस्यता दिलाई थी। कुछ समय से भोजपुरी स्टार पवन सिंह के भी जन सुराज पार्टी में शामिल होने की अटकलें राजनीतिक गलियारों में चल रहीं थी। हालांकि, फिलहाल चर्चित भोजपुरी सिंगर एवं अभिनेता रितेश पांडेय जन सुराज में आ गए।

Share This Article