बिहार विधान सभा चुनाव में महागठबंधन की करारी हार हुई। खासकर राष्ट्रीय जनता दल को इस चुनाव में बड़ा झटका लगा है। आरजेडी ने मात्र 25 सीटें जीतीं हैं। चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी हार के कारणों का मंथन कर रही है। इसी बीच आरजेडी ने 32 गायकों को कानूनी नोटिस भेजा है। आरजेडी का माना है कि पार्टी को बदनाम करने के उद्देश्य से बाजार में लॉन्च किए गए ‘आपत्तिजनक’ और ‘हिंसात्मक’ गीतों से अप्रत्यक्ष रूप स् खासा नुकसान पहुंचा है।

32 गायकों को लीगल नोटिस भेजे जाने की जानकारी राजद के सोशल मीडिया पर दी गई है, जिसमें यह बताया गया है कि बिना इजाज़त राष्ट्रीय जनता दल या राष्ट्रीय जनता दल के किसी भी नेताओं का नाम मेंशन करके कोई भी गायक या एक्टर गाना गाया या एक्टिंग की तो राजद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाएगी। उनके अनुसार अब पार्टी वैसे गायकों के खिलाफ डिफेमेशन का केस भी करेगी।
ज़वाब नहीं देने पर मानहानि का मुकदमा की चेतावनी
लीगल नोटिस में इस बात का जिक्र किया गया है कि आज से पूर्व जितने भी गायक राष्ट्रीय जनता दल, लालू प्रसाद यादव या तेजस्वी प्रसाद यादव का नाम लेकर गाना गाया है उन सभी गायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इतना ही नहीं जो इसका ज़वाब नहीं देंगे उनके खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल मानहानि का मुकदमा करेगी। साथ ही राजद के झंडे को किसी भी तरह के गाने बनाने या रिल्स बनाने में उपयोग करने पर भी राजद मानहानि का मुकदमा करेगी।
गायकों का भाजपा से संबंध का आरोप
आरजेडी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि इन गीतों को जान-बूझकर लॉन्च किया गया था, जिनमें से अधिकांश गायकों का भाजपा से सीधा संबंध है। शक्ति सिंह यादव ने कहा कि इन गीतों से न केवल आरजेडी और तेजस्वी यादव की छवि खराब हुई, बल्कि सामाजिक न्याय को भी बदनाम करने की साजिश रची गई। उन्होंने दावा किया कि कुछ गानों में यादवों को लेकर भी नकारात्मक बातें गाई गई थीं। आरजेडी का मानना है कि इन गायकों ने अराजकता और जंगलराज की वापसी का माहौल बनाने की कोशिश की।
गायकों की सूची सार्वजनिक नहीं की गई
जिन गायकों को नोटिस जारी की गई है, उनमें भोजपुरी गायक टुनटुन यादव के साथ-साथ मैथिली और मगही के कई कलाकार शामिल हैं। जिनमें से कुछ बिहार से बाहर के राज्यों के भी हैं। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि कलाकार अपनी प्रतिक्रिया नहीं देंगे तो उन पर मानहानि का मामला दर्ज किया जाएगा। राजद ने अभी इन गायकों की सूची सार्वजनिक नहीं की है।
पीएम मोदी ने भी रैली में किया था गानों का जिक्र
इन विवादित गानों का जिक्र चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी किया था। कैमूर की एक रैली में पीएम मोदी ने आरजेडी के प्रचार वाले गानों का जिक्र करते हुए कहा था, ‘इनके गाने सुने आपने, गाने की लाइन है… ‘आएगी भइया की सरकार-बनेंगे रंगदार।’ यानी ये इंतजार कर रहे हैं कि कब इनकी सरकार आए और रंगदारी, जंगलराज शुरू कर पाए।’ उन्होंने हिंसात्मक बोल जैसे ‘मारब सिक्सर के 6 गोली छाती में’ का भी जिक्र किया और जनता को जंगलराज की आहट से अलर्ट रहने को कहा था।

