Bihar: तेजस्वी होंगे महागठबंधन का सीएम चेहरा, मुकेश सहनी की भी ख्वाहिश पूरी, अशोक गहलोत ने की बड़ी घोषणा

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने बड़ा ऐलान करते हुए तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया है। कांग्रेस, वामदलों और अन्य सहयोगी दलों ने मिलकर यह फैसला किया कि आगामी विधानसभा चुनाव तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। पटना के होटल मौर्य में हुई एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के सीनियर लीडर अशोक गहलोत ने ऐलान करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के मुख्यमंत्री के चेहरा होंगे।

तेजस्वी यादव महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा

सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में एनडीए को अच्छी टक्कर दी। पिछले चुनाव में महागठबंधन मामूली वोटों के अंतर से पीछे रह गए। एनडीए संवैधानिक संस्थाओं को दुरुपयोग कर खेला करना चाहताा है। यह लोग चुनाव जीतने के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार हैं। इस चुनाव में अगले मुख्यमंत्री के रूप में हमलोग तेजस्वी यादव को चुनते हैं। वह नौजवान हैं। जो कहते हैं करते हैं। अब तक जो वादे किए, उसमें खड़े उतरे। इसलिए महागठबंधन ने फैसला लिया है कि हमलोगों का मुख्यमंत्री चेहरा तेजस्वी यादव ही होंगे। वहीं अशोक गहलोत ने कहा कि मुकेश सहनी की पार्टी महागठबंधन के प्रमुख दलों में से एक हैं। उनकी छवि को देखते हुए महागठबंधन उन्हें डिप्टी सीएम का फेस घोषित करता है।  

सीएम फेस की घोषणा के बाद तेजस्वी क्या बोले?

वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि गठबंधन के सभी दलों ने उन पर भरोसा जताया है। वह जनता और अपने सहयोगियों के विश्वास पर खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि इस बीस साल की निक्कमी सरकार को हम उखाड़ फेंकेंगे और बिहार के लोगों को विकास और न्याय देंगे। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरे को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन नेताओं ने बार-बार बैठकें की हैं और हर निर्णय सोच-समझकर लिया गया है।

जब तक भाजपा को तोड़ेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं- मुकेश सहनी

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी ने कहा कि मैं इस पल का 3.5 साल से इंतजार कर रहा था। अब वो पल आ गया है। सिर्फ वीआईपी या मुकेश सहनी ही नहीं, पार्टी के लाखों लोग इसका इंतजार कर रहे थे। भाजपा ने हमारी पार्टी तोड़ी और हमारे विधायकों को तोड़ दिया। उस समय हमने हाथ में गंगाजल लेकर संकल्प लिया था- ‘भाजपा को जब तक हम तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं’। अब समय आ गया है कि महागठबंधन के साथ मजबूती से खड़े होकर हम बिहार में अपनी सरकार बनाएंगे और भाजपा को राज्य से बाहर करेंगे। महागठबंधन एकजुट और मजबूत है। आने वाले समय में हम काम करेंगे और अपनी सरकार बनाएंगे।

प्रेस कांफ्रेंस के पहले गहलोत-तेजस्वी की मुलाकात

प्रेस कांफ्रेंस के पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और आरजेडी के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव के बीच होटल की एक बंद कमरे में बातचीत हुई। तेजस्वी यादव सबसे पहले अशोक गहलोत के कमरे में गए। बंद कमरे में बातचीत हुई। इसके बाद दोनों नेता महागठबंधन के घटक दलों के प्रमुख नेताओं के साथ प्रेस वार्ता में पहुंचे। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने बुधवार को लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी, जिसके बाद अशोक गहलोत ने दावा किया था कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और गुरुवार को सभी भ्रम दूर कर दिए जाएंगे।

Share This Article