बिहार की सियासी गलियों में एक बार फिर बाहुबली अनंत सिंह सुर्खियां बटोर रहे हैं।मोकामा के बाहुबली नेता और जदयू विधायक अनंत सिंह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर चर्चा में आ गए हैं।वीडियो में अनंत सिंह सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने इस वीडियो को लेकर जोरदार हमला बोला है। राजद ने अनंत सिंह को सीएम नीतीश का दुलारा खलनायक बताया है।

सिगरेट पीते वीडियो वायरल
अनंत सिंह फिलहाल बेऊर जेल में बंद है। चुनावी झड़प में दुलारचंद यादव की हुई मौत मामले में अनंत सिंह जेल में बंद हैं। इस बीच बाहुबली विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो पटना के IGIMS अस्पताल का बताया जा रहा है। स्वास्थ कारणों की वजह से बाहुबली विधायक रेगुलर चेकअप पर हैं। इस दौरान समर्थकों के बीच वह सिगरेट पीते हुए आ रहे हैं और लिफ्ट में घुस जाते है।
वायरल वीडियो पर सियासी घमासान
अनंत सिहं का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अस्पताल के सुरक्षाकर्मी भी दिख रहे हैं, लेकिन कोई भी उन्हें रोकने की कोशिश नहीं करता। वायरल वीडियो में “नायक नहीं, खलनायक है तू” गाना जोड़ा गया है। अनंत सिंह के इस वायरल वीडियो को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है।
आरजेडी ने कानून व्यवस्था पर उठाया सवाल
राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने वीडियो को लेकर कानून व्यवस्था का पालन न करने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अनंत सिंह के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एजाज अहमद ने कहा कि एनडीए के लोग कानून का निषेध करने में तत्पर रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि कानून को तोड़ने वाले और कानून का अनुपालन नहीं करने वाले जदयू विधायक सार्वजनिक जगह पर धूम्रपान कर रहे हैं।
जेडीयू से रुख साफ करने की मांग
एजाज अहमद ने खास तौर पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार का नाम लेते हुए उनसे इस मामले पर पार्टी का रुख साफ करने की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि क्या धूम्रपान पर बैन सिर्फ कागजों पर रहेगा या कानून को सच में लागू किया जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह मुद्दा सिर्फ धूम्रपान के बारे में नहीं है, बल्कि वीआईपी कैदियों को दी जा रही खास सुविधाओं और कानून लागू करने में दोहरे मापदंडों के बारे में भी है।
प्रियंका भारती का तीखा तंज
उनके इस वीडियो को राजद प्रवक्ता प्रियंका भारती ने भी अपने सोशल मीडिया पर साझा किया है। साथ ही बड़ा हमला भी बोला है। प्रियंका भारती ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए फिल्मी डायलॉग में लिखा, “नायक नहीं खलनायक है तू… सुशासन को धुएं में उड़ाता हुआ अनंत सिंह! नीतीश जी का दुलारा खलनायक अस्पताल में सिगरेट पीते हुए रीलबाजी कर रहे है!”
बेऊर जेल में बंद हैं छोटे सरकार
बता दें कि अनंत सिंह फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं। दुलारचंद हत्याकांड मामले में जेल में हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में पहले चरण की वोटिंग से 6 दिन पहले मोकामा में चुनावी झड़प देखने को मिला। इस दौरान अनंत सिंह और जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों में हिंसक झड़प हुई इस दौरान दुलारचंद यादव की मौत हो गई। पुलिस ने जांच में पाया कि अनंत सिंह की मौजूदगी में घटना को अंजाम दिया गया है ऐसे में अनंत सिंह की गिरफ्तारी हुई और वो फिलहाल जेल में बंद हैं।

