Bihar: विजय सिन्हा का तेजस्वी पर जोरदार हमला, बोले-शकुनि और दुर्योधन जैसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है। इस बीच तेजस्वी यादव के आरोपों के जवाब में बीजेपी नेता विजय सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जोरदार पलटवार किया। विजय सिन्हा ने कहा कि दो दिन पहले जो पैसा लेकर जमीन बांटने वाले कांग्रेस और आरजेडी हमारे डिग्री पर सवाल उठा रहे हैं। कई तरह के आरोप मुझ पर लगाया जा रहा है।

विजय सिन्हा ने अपने ऊपर लगे दो-दो EPIC नंबर रखने के आरोप का जवाब दिया। उन्होंने कहा, मैंने चुनाव आयोग को नोटिस का जवाब दे दिया है। पटना का मेरा EPIC नंबर हट गया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि मैंने चुनाव आयोग के नोटिस का जवाब सबूतों के साथ दे दिया है, अब तेजस्वी यादव अपने आरोपों का जवाब दें।

तेजस्वी के उम्र और डिग्री पर सवाल

विजय सिन्हा ने तेजस्वी के उम्र और डिग्री पर सवाल उठाते हुए कहा, जिनके राज में छात्रों को ग्रेजुएशन की डिग्री 6 साल में मिलती थी, वे हमारी डिग्री पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने अपनी मैट्रिक की डिग्री दिखाते हुए कहा कि इसके हिसाब से 2024 में मेरी उम्र 57 साल है। उन्होंने आरजेडी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो अपनी डिग्री दिखाओ। लालू यादव और राबड़ी देवी अपने बेटों की उम्र और डिग्री पर बयान क्यों नहीं देते हैं?

डिप्टी सीएम का तेजस्वी पर तंज

डिप्टी सीएम ने इस दौरान एक तंज भी कसा। उन्होंने कहा, छोटा भाई कैसे बड़ा भाई बन गया? ये चमत्कार कैसे हुआ? उनके इस बयान को तेजस्वी यादव के राजनीतिक उदय और परिवारिक राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। विजय सिन्हा ने आगे कहा कि अगर कोई नेता आरोप लगाता है, तो उसके पास जवाब देने की ताकत और हिम्मत भी होनी चाहिए। राजनीति में आरोप लगाना आसान है, लेकिन तथ्यों के साथ सामने आना मुश्किल। जनता भावनाओं में नहीं, अब सबूत और सच्चाई देखना चाहती है।

जिस भाषा में समझोगे उस भाषा में समझायेंगे-विजय सिन्हा

बीजेपी नेता ने आगे कहा कि शकुनि और दुर्योधन के पुत्रों को सबक सिखाने का समय आ गया है, जिस भाषा में जवाब चाहिए, उस भाषा में जवाब देंगे। जिस भाषा में तुम समझोगे उस भाषा में समझायेंगे, जहां बोलोगे, वहां समझायेंगे।

झूठ बोलना और जनता के बीच भ्रम फैलाना यही काम-विजय सिन्हा

विजय कुमार सिन्हा ने कहा, संवैधानिक पद पर बैठकर, उस पद की गरिमा को गिराना, झूठ बोलना और जनता के बीच भ्रम फैलाना, यही उनका काम रह गया है। जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी।

Share This Article