बिहार के मधुबनी से बीजेपी सांसद अशोक यादव के 24 वर्षीय पुत्र विभूति कुमार यादव को 32 घंटे की तलाश के बाद सकुशल बरामद कर लिया है। विभूति को सिमरी थाना क्षेत्र के शोभन बाइपास के एक बगीचे में बैठा हुआ पाया गया। बता दें कि विभूति रविवार सुबह से लापता थे। उसकी खोजबीन में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर की पुलिस लगी हुई थी। रेल पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया था।

विभूति, जो दिल्ली में लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं, शनिवार रात अपने पिता के साथ दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र स्थित बंगाली टोला आवास पर लौटे थे। रविवार सुबह करीब 8 बजे वे काले पैंट और हरी टी-शर्ट पहनकर घर से टहलने निकले थे। लेकिन, वापस नहीं लौटे। उन्होंने अपना मोबाइल और पर्स भी घर पर छोड़ दिया था, जिससे परिजनों में चिंता बढ़ गई।
बगीचे में बैठे मिले विभूति
वहीं, सांसद अशोक यादव ने विभूति के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए आस पड़ोस और नाते-रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन विभूति के बारे में कुछ जानकारी नहीं मिल पाई। जिसके बाद सांसद की ओर से खुद इसकी सूचना दरभंगा के लहेरियासराय थाने को लिखित रूप से दी गई। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच पड़ताल शुरू करते हुए गली-गली में उसकी तलाश शुरू कर दी। दरभंगा पुलिस ने आज सिमरी थाना क्षेत्र के शोभन मोड़ के पास एक बगीचे से विभूति को सकुशल बरामद कर लिया है।
छुट्टियों में अपने घर आए
सांसद अशोक यादव के बेटे विभूति कुमार यादव दिल्ली में लॉ की पढ़ाई करते हैं। विभूति यादव दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं और हाल ही में अपने पिता के साथ दरभंगा लौटे थे। बताया जा रहा है कि विभूति हाल ही में छुट्टियों में अपने घर आए थे।
मधुबनी से सांसद हैं अशोक यादव
गौरतलब है कि अशोक कुमार यादव मधुबनी से लोकसभा सांसद हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता हुकुमदेव नारायण यादव के पुत्र हैं। अशोक यादव पहले भी बिहार विधानसभा में केवटी सीट से विधायक रह चुके हैं।