बोकारो में घर से मां-बेटे के शव बरामद, मां की बॉडी सड़ी-गली तो बेटे की मौत 1-2 दिन पहले होने का अनुमान

Reena Sharma
3 Min Read

बोकारो की को-ऑपरेटिव कॉलोनी में एक घर से मां और बेटे के शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्लॉट संख्या-67 में दोनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार महिला का शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था, जबकि बेटे का शव एक-दो दिन से ज्यादा पुराना नहीं लग रहा है। मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और रांची से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार यह प्लॉट सेवानिवृत्त बीएसएल कर्मी स्वर्गीय एनके सिन्हा का है। यहां फिलहाल उनकी 60 वर्षीय बेटी अनिता देवी अपने 30 वर्षीय बेटे नितेश के साथ रहती थीं। बताया गया कि पिछले 5-6 वर्षों से प्लॉट में बिजली भी नहीं थी और बिजली बिल बकाया रहने के कारण कनेक्शन काट दिया गया था। पुलिस के मुताबिक महिला का शव सड़ी-गली हालत में मिला, जबकि उनके बेटे का शव अपेक्षाकृत नया था।

घटना की सूचना मिलने पर सिटी डीएसपी राजीव रंजन और बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को मकान से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तलाशी के दौरान नीचे बाथरूम से महिला का शव बरामद हुआ। इसके बाद पहली मंजिल पर उनके बेटे नितेश का शव मिला। पुलिस के अनुसार महिला का शव काफी डिकंपोज हो चुका है, जबकि बेटे के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं।

पुलिस अधिकारी के अनुसार शुरुआती जांच में आशंका है कि महिला बाथरूम में गिर गई होंगी और बीमारी के कारण उनकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंच सका, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, नितेश की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article