कटिहार के बरारी थाना क्षेत्र के बलुआ बाजार में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बलुआ बाजार निवासी 38 वर्षीय रंजीत कुमार चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के अनुसार, गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति होटल की आड़ में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले मामले का सत्यापन किया और पुष्टि होने पर बरारी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ बलुआ बाजार पहुंचे। संबंधित स्थान पर छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रंजीत कुमार चौधरी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसकी दुकान की विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस ने रंजीत कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से पहुंचे और वह कितने समय से इस कारोबार में शामिल था।

