मिरर मीडिया : भेलाटांड़ में बीती रात हुई हत्या की
गुत्थी को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सुलझा ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना को अंजाम देने वाला उसका साला ही निकला। हत्या के आरोपित साले की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना बांस भी बरामद कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद अभिषेक घर छोड़कर फरार था। उसका मोबाइल रात से स्विच ऑफ था। पुलिस को पूरा शक था कि हत्या में उसी का हाथ है, लिहाजा पुलिस रात से ही उसे ढूंढ़ रही थी। इसी बीच गुप्त सूचना पर पुलिस ने अभिषेक को पकड़ा तो पूरा मामला स्पष्ट हो गया।
विजय अपनी प्रेमिका भारती से शादी करने के बाद घरवालों की नाराजगी से बचने के लिए धनबाद में प्रभातम माॅल के पास पत्नी के साथ रह रहा था। विजय सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था और उसकी पत्नी प्रभातम मॉल के ही एक स्टोर में काम करती है।
सूत्रों कि माने तो मृतक विजय ने अभिषेक की बहन भारती से पांच माह पूर्व ही छुप छुपाकर प्रेम विवाह कर लिया था। जिससे अभिषेक और उसके घरवाले काफी नाराज थे। हालांकि यह मामला केस मुकदमा तक पहुंच गया था। इधर, मृतक विजय ठाकुर के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।