आसनसोल: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथों को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से आसनसोल नगर निगम ने शुक्रवार को व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। राज्य की शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल के निर्देश के बाद नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहा लेन से हटन रोड होते हुए गिरजा मोड़ तक अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
सुबह से जारी बारिश भी प्रशासन के अभियान में बाधा नहीं बन सकी। निगम के बुलडोजर और अधिकारियों की टीम ने सड़क व फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, अस्थायी दुकानें, टेबल, बैनर और अन्य अतिक्रमण हटाकर पूरे इलाके को खाली कराया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस व्यस्त बाजार क्षेत्र में लंबे समय से ट्रैफिक जाम और फुटपाथों पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। अतिक्रमण के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ता था, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा था।
गौरतलब है कि गुरुवार को मंत्री अग्निमित्रा पाल ने क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। बैठक में अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया, जिसके बाद निगम प्रशासन ने पहले से निशानदेही कराई और माइकिंग के माध्यम से दुकानदारों व हॉकर्स को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी भी दी थी।
कार्रवाई को लेकर व्यापारियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई। कई लोगों ने शहर को व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन की पहल का स्वागत किया, जबकि कुछ प्रभावित दुकानदारों ने पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की। उनका कहना था कि लगातार बारिश के कारण सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल सका।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों या फुटपाथों पर दोबारा अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

