जमशेदपुर में शान से लहराया तिरंगा : 79वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले ने 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम और देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया। बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और तिरंगे को सलामी दी।

​समारोह में वीर नारी दुर्गावती देवी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान समेत जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बड़ी संख्या में जिलेवासियों ने इस भव्य समारोह में हिस्सा लिया।

​शहीदों को नमन और विकास कार्यो का उल्लेख

​उपायुक्त ने अपने संबोधन की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानियों, भगवान बिरसा मुंडा और झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को नमन करके की। उन्होंने देश की आजादी में पूर्वी सिंहभूम के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले के सर्वांगीण विकास और हर परिवार को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

​उपायुक्त ने जिले के विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों को भी साझा किया। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण और अन्य क्षेत्रों में किए गए कामों का विस्तृत ब्यौरा दिया।

स्वास्थ्य: घाटशिला में मिर्गी के मरीजों के लिए कैंप लगाया गया, जिसमें एम्स दिल्ली के डॉक्टरों ने 426 मरीजों का इलाज किया। पूर्वी सिंहभूम राज्य का पहला जिला बन गया है, जिसने RI और ANC का चक्र बनाया है।

शिक्षा: राष्ट्रीय योग ओलंपियाड में जिले की उपासना कुमारी ने रजत पदक जीता। लोयोला स्कूल की छात्रा शांभवी जायसवाल ने ICSE बोर्ड में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिले के स्कूलों में 1.5 लाख से ज़्यादा बच्चों को मुफ्त पोशाक दी गई और 2 लाख से ज़्यादा बच्चों को पाठ्यपुस्तकें और स्कूल बैग दिए गए।

ग्रामीण विकास: मनरेगा के तहत महिलाओं को रोजगार देने के मामले में पूर्वी सिंहभूम राज्य में पहले स्थान पर है। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लगाए गए आम के पौधों से पैदावार हुई, जिसे विदेशों में भी निर्यात किया गया।

समाज कल्याण: सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और झारखंड मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के तहत हज़ारों लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।

कृषि और पशुपालन: किसानों को 50% अनुदान पर बीज दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 10 हज़ार से ज़्यादा ग्रामीणों को लाभ मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।

अन्य उपलब्धियां: नगर निकाय के तहत स्वच्छता सर्वेक्षण में जमशेदपुर अक्षेस को देश में तीसरा स्थान मिला। विभिन्न विभागों के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य भी किया गया।

​उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

​समारोह में वीर नारी दुर्गावती देवी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. प्रतिमा कुमारी, स्नेहा कुमारी (खेल), शुभम पात्रा (जैक बोर्ड टॉपर), भूमिका मिश्रा (जैक बोर्ड टॉपर), शांभवी जायसवाल (आईसीएसई बोर्ड टॉपर), और कई चौकीदार शामिल थे।

​परेड में शामिल एनसीसी गर्ल्स को प्रथम, एनसीसी बॉयज़ को द्वितीय और स्काउट एंड गाइड (गर्ल्स) को तृतीय स्थान मिला।

​महात्मा गांधी के जन्तर को किया याद

​उपायुक्त ने अपने भाषण का समापन महात्मा गांधी के अविस्मरणीय जन्तर को याद करते हुए किया। उन्होंने कहा कि जब भी कोई संदेह हो तो सबसे गरीब और कमजोर व्यक्ति की शक्ल याद करो और अपने दिल से पूछो कि जो कदम उठाने का तुम विचार कर रहे हो, वह उसके लिए कितना उपयोगी होगा। इससे संदेह मिट जाएगा और अहंकार समाप्त हो जाएगा। ​जिले के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों जैसे समाहरणालय, एसएसपी कार्यालय, और अनुमंडल कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया।

Share This Article