संवाददाता, मिरर मीडिया: दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। दिन के तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे धूप का अहसास बढ़ गया है। हालांकि, पहाड़ी राज्यों में अब भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है।
जम्मू-कश्मीर में कब घटेगी ठंड?
जम्मू-कश्मीर में चिल्लई ठंड का प्रभाव 19 फरवरी को समाप्त होने की संभावना है, जिससे वहां के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है।

दिल्ली में बारिश की संभावना
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली के आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा या स्मॉग भी देखने को मिल सकता है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं, जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 19 और 20 फरवरी को दिल्ली में बारिश हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
17 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और लद्दाख में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 18 से 20 फरवरी के बीच राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
क्या उत्तर प्रदेश में छाएगा घना कोहरा?

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। हालांकि, सुबह और देर रात हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। फिलहाल, घने कोहरे या बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है। घने कोहरे या बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है, लेकिन इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी।
राजस्थान में हल्की बारिश के संकेत

राजस्थान में 15 फरवरी को मौसम शुष्क बना रहा। बाड़मेर में सबसे अधिक तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करौली में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में तापमान 1 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। 17 से 20 फरवरी के बीच राज्य के उत्तरी और पश्चिमी भागों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
(मौसम की ताजा जानकारी के लिए जुड़े रहें मिरर मीडिया के साथ।)