बाघमारा (धनबाद): धनबाद के बाघमारा स्थित बीसीसीएल एरिया-4 के कतरास क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। केसलपुर बंद अस्पताल के पीछे छापेमारी कर सुरक्षा बलों ने करीब 35 टन अवैध कोयला जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ को क्षेत्र में अवैध रूप से कोयले का भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सीआईएसएफ ने रामकनाली थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की ओर से कोई अधिकारी या प्रतिनिधि मौके पर मौजूद नहीं था और न ही प्रबंधन का कोई सहयोग मिला।
काफी देर तक चली इस कार्रवाई के बाद जब्त कोयले को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच जारी है।

