अलग-अलग राज्यों में प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर भड़की सीजेपी, केन्द्र को दिलाई वादे की याद

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पेपर लीक पर धर्मेद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान देश के कई हिस्सों में छात्रों का गुस्सा देखा गया। अब प्रदर्शन खत्म होने के बाद बिहार समेत देश के कई राज्यों में प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी और हिरासत की खबरें आ रही है। इन सबके बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने केंद्र सरकार को अपना वादा याद दिलाया है और तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

सीजेपी ने सरकार को दिलाई वादे की याद

सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने दावा किया है कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार सहित कुछ राज्यों से छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाए जाने, हिरासत में लेने और गिरफ्तार किए जाने की खबरें मिल रही हैं। इन रिपोर्टों पर गहरी चिंता जताते हुए उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सीजेपी की मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में कहा कि पार्टी ने देशव्यापी आंदोलन केवल उस आश्वासन के बाद स्थगित किया था, जिसमें भारत सरकार ने भरोसा दिलाया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ वर्तमान या भविष्य में कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी, चाहे वह भाजपा शासित राज्य हो या एनडीए शासित राज्य।

सीजेपी ने की भरोसे को न तोड़ने की अपील

कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स हैंडल से पोस्ट बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और साथ ही बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी को भी टैग कर लिखा गया है, जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह की ओर से दिए गए भरोसे को न तोड़ें। प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी आपराधिक मामले वापस लें।” सीजेपी की ओर से ही आज (सोमवार) एक दूसरे एक्स पोस्ट में लिखा गया है, “पूरे देश की पुलिस से आग्रह है कि 25 जुलाई के दिल्ली समझौते का पालन करना चाहिए, किसी भी छात्र के खिलाफ कोई एक्शन न हो।”

धोखा बर्दाश्त नहीं करेंगे- सीजेपी

सीजेपी ने कहा कि देशव्यापी आंदोलन को स्थगित करने का फैसला पूरी तरह सद्भावना और सरकार के आश्वासन पर भरोसा करते हुए लिया गया था। यदि सरकार अपने वादे से पीछे हटती है, तो यह केवल कॉकरोच जनता पार्टी के साथ विश्वासघात नहीं होगा, बल्कि उन लाखों युवाओं के भरोसे को भी तोड़ने जैसा होगा जिन्होंने आंदोलन की बजाय संवाद का रास्ता चुना। पार्टी ने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का विश्वासघात स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीजेपी ने अपने बयान में कहा कि किसी भी सरकार की विश्वसनीयता केवल वादे करने से नहीं, बल्कि उन्हें निभाने से बनती है।

Share This Article