इंडियन क्रिकेट टीम के फास्ट बॉलर आकाशदीप के घर उनकी शादी को लेकर तैयारियां चल रही है। 21 जून को उनका तिलक होगा, जबकि 24 जून को वे विवाह बंधन में बंधेंगे। रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड के बड्डी गांव निवासी आकाशदीप के शादी समारोह से पहले आज मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनके घर पहुंचे।
हेलिकॉप्टर से सीधे पहुंचे बड्डी गांव
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप के बड्डी गांव स्थित पैतृक आवास पर जाकर परिजनों से मुलाकात की तथा आकाशदीप के आगामी वैवाहिक जीवन के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। बड्डी गांव के बाहर बने हेलीपैड पर सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर ने लैंड किया। फिर यहां से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे क्रिकेटर आकाशदीप के घर पहुंचे।
आकाशदीप के परिजनों से की मुलाकात
आकाशदीप के पैतृक आवास पहुंचने पर सम्राट चौधरी का आकाशदीप, उनके परिजनों और स्थानीय भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। आकाशदीप की मां ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया तो आकाशदीप ने मुख्यमंत्री को बुके देकर उनका स्वागत किया। आकाशदीप के आवास पर मुख्यमंत्री ने लगभग 45 मिनट का समय बिताया और उनकी माता तथा परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने क्रिकेटर के हालिया प्रदर्शन की भी जमकर सराहना की।
सीएम के आगमन को ग्रामीणों ने बताया गर्व का क्षण
मुख्यमंत्री के आगमन की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से भी लोग बड्डी गांव पहुंचने लगे। ग्रामीणों ने इसे अपने गांव और जिले के लिए गर्व का क्षण बताया, कई बुजुर्गों ने कहा कि कभी गांव के मैदानों में क्रिकेट खेलने वाला लड़का आज भारतीय टीम का हिस्सा है और उसकी खुशियों में शामिल होने मुख्यमंत्री का पहुंचना पूरे क्षेत्र के सम्मान की बात है।
24 जून को विवाह बंधन में बंधेंगे आकाशदीप
आकाशदीप के घर शादी की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। गांव के लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक परिवार की शादी नहीं, बल्कि पूरे गांव का उत्सव बन चुका है। इन दिनों खुशी का माहौल है। 21 जून को उनका तिलक समारोह आयोजित होगा, जबकि 24 जून को वे विवाह बंधन में बंधेंगे।

