बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब सरकार में नहीं हैं लेकिन वे एक-एक चीज पर नजर रख रहे हैं। भले ही सरकार का नेतृत्व बीजेपी के हाथों में हैं, लेकिन वो नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चल रही है। नीतीश कुमार सरकार के कामकाज पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। इसकी एक बानगी गुरूवार को उस वक्त देखने को मिली जब पूर्व सीएम अचानक डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे।
दोनो नेताओं के बीच बंद कमरे में हुई बात
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार अचानक सूबे के डिप्टी सीएम व वरिष्ठ पार्टी नेता विजय कुमार चौधरी के सरकारी आवास पर पहुंचे। गुरूवार सुबह-सुबह नीतीश कुमार विजय कुमार चौधरी के आवास पर पहुंच गए। करीब आधे घंटे तक विजय कुमार चौधरी के साथ नीतीश कुमार ने लंबी बातचीत की। क्या बातचीत हुई ये किसी को नहीं पता, क्योंकि ये बंद कमरे में हुई।
विजय चौधरी से नीताश कुमार ने कही बड़ी बात
आधे घंटे बाद नीतीश कुमार बाहर निकले और गाड़ी में बैठ गए इस दौरान उन्होंने उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी से जो कहा, वो चर्चा का विषय बन गया।अंदर बातचीत करने के बाद जब नीतीश कुमार बाहर निकले और अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ने लगे, तभी वह अचानक रुके। फिर उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मियों को भी रुकने का इशारा किया। नीतीश कुमार को रुका देख उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी भी तुरंत उनके पास पहुंच गए। इसके बाद दोनों नेता गाड़ी के पास ही खड़े होकर कुछ देर तक बातचीत करते रहे। फिर उन्होंने जाते-जाते विजय चौधरी से कहा कि आप शाम में मेरे घर आइए और एक-एक चीज बताइए कि क्या हो रहा है और क्या नहीं।
क्या नीतीश के निर्देश में चल रही सरकार?
नीतीश कुमार की ये बातें कैमरे में कैद हो गई। नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी की इस खास बातचीत के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज है कि सरकार से दूर होकर भी नीतीश कुमार की नजर है और वे लगातार फीडबैक भी ले रहे हैं।

