डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की बड़ी साजिश को जमशेदपुर पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने न सिर्फ अवैध हथियार के साथ घूम रहे एक युवक को दबोचा, बल्कि फुर्ती दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर उसे पिस्टल सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई, जब वरीय पुलिस अधीक्षक को एक बेहद गोपनीय और सटीक सूचना मिली। सूचना थी कि एक युवक नीले रंग की यामाहा आर-15 (R-15) मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार लेकर शहर में घूम रहा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर तुरंत पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
डिमना चौक के पास घेराबंदी, तलाशी में निकला देशी कट्टा
पुलिस की टीम ने उलीडीह ओपी क्षेत्र के व्यस्त डिमना चौक के पास रणनीतिक घेराबंदी की। जैसे ही नीली R-15 बाइक पर सवार संदिग्ध युवक वहां पहुंचा, पुलिस दल ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। जब युवक की तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। उसके पास से 7.65 एमएम (MM) की एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा गोली (कारतूस) बरामद की गई।
30 हजार में खरीदी थी पिस्तौल, सप्लायर भी गिरफ्तार
गिरफ्तार युवक की पहचान कपाली के तामोलिया निवासी अभिषेक कुमार उर्फ एसआरके (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिसिया पूछताछ में एसआरके ने उलीडीह शंकोसाई रोड नंबर 4 के रहने वाले अभिषेक दास (25 वर्ष) का नाम उगला। अभिषेक कुमार उर्फ एसआरके ने बताया कि उसने यह देशी पिस्तौल किसी और से नहीं, बल्कि अभिषेक दास से 30 हजार रुपये में खरीदी थी। इस खुलासे के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लायर अभिषेक दास को भी उसके ठिकाने से धर दबोचा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और क्या वे किसी गैंग के लिए काम कर रहे थे।

