डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:पूर्वी सिंहभूम जिले में मानसूनी सीजन के साथ ही डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा तेजी से गहराने लगा है। बीते तीन दिनों के भीतर जिले में डेंगू का दूसरा मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
11 वर्षीय बच्चा डेंगू की चपेट में, TMH में चल रहा इलाज
ताजा मामला सीतारामडेरा इलाके का है, जहां एक 11 साल का बच्चा डेंगू की चपेट में आ गया है। तेज बुखार, शरीर में दर्द और सिरदर्द के लक्षणों के बाद परिजनों ने उसे टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया। जिला सर्विलांस विभाग द्वारा एमजीएम मेडिकल कॉलेज में कराई गई एलाइजा जांच में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे पहले शनिवार को भी जिले में डेंगू का पहला मरीज मिला था।
बढ़ते खतरे को देखते हुए सिविल सर्जन ने जिले के तीनों नगर निकायों को पत्र जारी कर इलाकों में नियमित साफ-सफाई और फॉगिंग अभियान तेज करने का सख्त निर्देश दिया है।
एक ही दिन में मिले मलेरिया के 38 नए मरीज, गंभीर बच्चा ICU में भर्ती
डेंगू के साथ-साथ जिले में मलेरिया भी तेजी से पांव पसार रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत 5,119 लोगों के रक्त नमूनों की जांच की गई, जिसमें से 38 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। इनमें 31 मामले पीएफ (प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम) और 7 मामले पीवी के हैं। एमजीएम अस्पताल में फिलहाल मलेरिया से पीड़ित चार बच्चों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक बच्चे की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उसे आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

