डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:जिला प्रशासन और आम जनता के बीच की दूरी को मिटाने के उद्देश्य से समाहरणालय में जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के कोने-कोने से पहुंचे नागरिकों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को बारीकी से सुना।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को दोटूक निर्देश दिए कि हर आवेदन की संवेदनशीलता के साथ समीक्षा करें और तय समय-सीमा के भीतर ही उसका निष्पादन सुनिश्चित करें।
शिक्षा से लेकर पेंशन तक… इन मुख्य मुद्दों पर पहुंचे लोग
जन शिकायत निवारण दिवस में स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, कृषि और सामाजिक सुरक्षा जैसे विभागों से जुड़े दर्जनों मामले सामने आए।
शिक्षा व छात्रवृत्ति: आरटीई (RTE) के तहत बच्चों का नामांकन, छात्रवृत्ति और स्कूल फीस माफी से जुड़े मामले।
सामाजिक सुरक्षा: लंबित पेंशन राशि का भुगतान और चिकित्सीय सहायता की मांग।
प्रमाण पत्र व राजस्व: जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र निर्गत करने के मामले।
अन्य मुद्दे: किसानों की समस्याएं, घरेलू विवाद, स्थानांतरण और रोजगार से जुड़ी मांगें।
समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदक को नियमों के तहत पूरा सहयोग मिलना चाहिए। अगर किसी मामले के निष्पादन में अंतर्विभागीय समन्वय की आवश्यकता है, तो अधिकारी आपस में संवाद कर जल्द से जल्द समाधान निकालें। प्रशासन की इस सख्त और संवेदनशील पहल से आम लोगों में समस्याओं के समाधान की एक नई उम्मीद जगी है।

