धनबाद: धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्र ने शुक्रवार को धनबाद-बंधुआ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल संरक्षा, सुरक्षा और विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड में सिग्नलिंग व्यवस्था, पुल-पुलियों, टनल तथा अन्य संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
इस दौरान डीआरएम ने निमियाघाट और पारसनाथ स्टेशन के बीच स्थित लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने पारसनाथ एवं हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन का दौरा कर स्टेशन परिसर, फुट ओवर ब्रिज तथा प्रगति पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम गझंडी रेलवे स्टेशन भी पहुंचे, जहां उन्होंने पैनल रूम, रिले रूम सहित अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर धनबाद मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का आकलन करना था।

