77वें वन महोत्सव में ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान की शुरुआत, धनबाद में लगेंगे 1 से 2 लाख पौधे

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के धनबाद वन प्रमंडल की ओर से टुंडी विधानसभा क्षेत्र के लोधारिया में शुक्रवार को 77वें वन महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। इस वर्ष महोत्सव की थीम “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” रखी गई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और व्यापक वृक्षारोपण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, डीएफओ विकास पालीवाल तथा उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने दीप प्रज्वलित कर एवं पौधारोपण के साथ किया। इस दौरान करीब 300 स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पौधे लगाए।

अपने संबोधन में उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे हर व्यक्ति की जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने बताया कि चालू मानसून सत्र में जिला प्रशासन और वन विभाग के सहयोग से जिले के सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, अस्पतालों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 1 से 2 लाख पौधे लगाए और वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों की आजीविका को बढ़ावा देने के लिए फलदार पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि टुंडी की हरियाली पूरे जिले के लिए प्रेरणा है। झरिया और पुटकी जैसे खनन प्रभावित क्षेत्रों को भी हरित बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके लिए माइनिंग एडवाइजरी कमेटी के माध्यम से बंद पड़ी खदानों के पुनरुद्धार और पौधारोपण की योजना पर काम किया जाएगा।

उन्होंने ‘वन रक्षाबंधन’ और ‘वन देवी’ जैसी पारंपरिक अवधारणाओं की सराहना करते हुए जैव विविधता संरक्षण पर बल दिया। साथ ही कहा कि मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने वन विभाग को इस मानसून में तीन से चार और जनजागरूकता अभियान आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण से जुड़ सकें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....