पलामू: 11 हजार वोल्ट के अवैध तार से युवक की मौत, शव बालू में दबाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

पलामू: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पलामू पुलिस ने उंटारी रोड थाना क्षेत्र में हत्या और साक्ष्य छिपाने के एक सनसनीखेज मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल रजवार उर्फ बबलू और रामजी रजवार के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को उंटारी रोड थाना क्षेत्र के ग्राम शेखडीहा, सतबहिनी पंचायत स्थित कोयल नदी के बालू से एक शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान सचिन कुमार साह के रूप में हुई। मामले में दर्ज कांड संख्या-37/2026 के अनुसंधान के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान से घटना का खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि 14 जुलाई 2026 की रात अवैध रूप से बिछाए गए 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से सचिन कुमार साह की मौत हो गई थी। इसके बाद घटना को छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव को कोयल नदी के बालू में गाड़ दिया और बिजली के तार को भी छिपा दिया।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 50 फीट लोहे का बिजली तार और लगभग 1.5 फीट लंबाई के छह लकड़ी के खूंटे बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....