डीसी की जनसुनवाई: लंबित मामलों पर कड़ा रुख, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का अल्टीमेटम

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं व शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे आमजनों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक व जनहित समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे।

जनशिकायत निवारण दिवस के दौरान नागरिकों द्वारा गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने, आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन, दीदी कैफे संचालन के लिए स्थल आवंटन, लंबित भुगतान, लगान रसीद निर्गत करने, होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी, निजी जमीन से हाई टेंशन विद्युत लाइन हटाने, जमीन विवाद, मनरेगा नियुक्ति, आर्म्स लाइसेंस निर्गत करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पारिवारिक विवाद समेत अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन व ज्ञापन प्रस्तुत किए गए।

उपायुक्त ने सभी मामलों को संवेदनशीलता व प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि जनशिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए आवेदकों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया। कुछ आवेदनों पर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Share This Article