धनबाद के बेलगड़िया टाउनशिप में विकास और रोजगार को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी Aditya Ranjan ने बेलगड़िया टाउनशिप का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं और रोजगार से जुड़ी संभावनाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीसीसीएल और जेआरडीए के अधिकारियों के साथ क्षेत्र के विभिन्न फेज का दौरा किया और रोजगार उन्मुख योजनाओं के लिए भूमि चिन्हित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्लेग्राउंड के लिए जमीन चिन्हित करने, झाड़ियों की साफ-सफाई कराने और ट्रेंच कटिंग का कार्य जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।
इसके अलावा तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने को कहा।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि बीसीसीएल की जिस जमीन पर Jharkhand Rehabilitation and Development Authority (JRDA) कार्य कर रहा है, उसका अब तक सीमांकन और बाउंड्री नहीं हुई थी। अब प्रशासन द्वारा जमीन का चिन्हितीकरण और बाउंड्री कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार की पहल पर बेलगड़िया क्षेत्र में माइक्रो इंटरप्राइज के साथ-साथ बड़ी इंडस्ट्री लाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके। पिछले 8 से 10 महीनों में क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है। प्रशासन का लक्ष्य 500 से 1000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर तैयार करना है।
उपायुक्त ने बताया कि क्षेत्र में मशरूम फार्मिंग, जूट बैग निर्माण और कैम्पो क्राफ्ट से जुड़े स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं, जिनसे बड़ी संख्या में महिलाएं जुड़ रही हैं। इसके अलावा डिजाइन पेंटिंग और स्पोर्ट्स सेंटर शुरू करने की भी योजना है।
उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों के साथ बड़ी इंडस्ट्री स्थापित कर क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय लोगों को व्यापक स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कोयला मंत्रालय के परियोजना सलाहकार आलोक कुमार सिंह, बीसीसीएल के तकनीकी निदेशक संजय कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, डीआरडीबी निदेशक राजीव रंजन समेत बीसीसीएल और JRDA के कई अधिकारी मौजूद रहे।

