दुबई से डेथ कॉल! निरसा विधायक अरूप चटर्जी को प्रिंस खान का 24 घंटे का अल्टीमेटम

KK Sagar
3 Min Read

दुबई से व्हाट्सएप कॉल, ऑडियो और मैसेज के जरिए रंगदारी की मांग, गोली मारने की धमकी के बाद धनबाद पुलिस अलर्ट

निरसा में प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर को लेकर भाजपा सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बीच चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच अब कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान की एंट्री ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। दुबई में बैठे गैंगस्टर ने कथित तौर पर विधायक अरूप चटर्जी को व्हाट्सएप कॉल, वॉइस मैसेज और धमकी भरे संदेश भेजकर 24 घंटे के भीतर पैसे देने की चेतावनी दी है। साथ ही दहशत फैलाने के लिए फायरिंग का वीडियो भी भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अरूप चटर्जी के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से संपर्क किया गया। कॉल रिसीव नहीं होने पर व्हाट्सएप पर मैसेज और ऑडियो भेजे गए। संदेश में खुद को प्रिंस खान बताते हुए पैसे की मांग की गई और कहा गया कि यदि 24 घंटे में “मामला मैनेज” नहीं हुआ तो दोबारा कॉल नहीं, बल्कि सीधे “रिजल्ट” मिलेगा।

ऑडियो में खुली धमकी

वॉइस नोट में कथित तौर पर कहा गया कि नंबर ब्लॉक करने या बंद करने से कुछ नहीं होगा। साफ शब्दों में पैसे देने या न देने का जवाब मांगा गया और चेतावनी दी गई कि इनकार करने पर जानलेवा हमला किया जाएगा। मैसेज में कोयले के कारोबार का भी जिक्र किया गया है।

अरूप चटर्जी ने लगाए गंभीर आरोप

निरसा विधायक अरूप चटर्जी का कहना है कि कुछ दिन पहले उन्होंने प्रेस वार्ता कर सांसद ढुल्लू महतो और गैंगस्टर प्रिंस खान के कथित संबंधों की जांच की मांग की थी। उनका दावा है कि उसी के बाद उन्हें यह धमकी मिली है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

केंद्रीय एजेंसियों से जांच की मांग

अरूप चटर्जी ने धनबाद जिले में कोयला चोरी, अवैध खनन और उससे जुड़े पूरे नेटवर्क की केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि जांच होती है तो उसमें उनका नाम भी शामिल किया जाए, ताकि निष्पक्ष तरीके से पूरे मामले का खुलासा हो सके।

एसएसपी से शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

धमकी मिलने के बाद विधायक ने धनबाद के एसएसपी को लिखित शिकायत सौंप दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और धमकी देने वाले की पहचान व उसके नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....