पलामू: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत इन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समयसीमा के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बताया कि 30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फॉर्म वितरण के बाद उसका संग्रहण कर डिजिटाइजेशन करते हुए बीएलओ ऐप पर अपडेट करना अनिवार्य है। विधानसभावार प्रगति की समीक्षा में कई क्षेत्रों में फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताई।
उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को प्रतिदिन फॉर्म वितरण, फॉर्म संग्रहण और डिजिटाइजेशन के स्पष्ट लक्ष्य दिए जाएं। साथ ही प्रतिदिन उनकी उपलब्धि की मॉनिटरिंग की जाए और लक्ष्य से पीछे रहने वालों की तत्काल समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष SIR कैंपों को लेकर भी निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य पूरा किए बिना किसी भी कैंप को बंद न किया जाए। प्रत्येक कैंप में अधिक से अधिक फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने दोहराया कि इन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण और डिजिटाइजेशन में धीमी प्रगति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।

