देवघर के उपायुक्त बने स्वास्थ्य विभाग में अपर सचिव : झारखंड में बड़े पैमाने पर IAS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के DC बदले

KK Sagar
2 Min Read

रांची: झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने शनिवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले और पदस्थापन को लेकर अधिसूचना जारी की। जारी आदेश के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वहीं कई जिलों के उपायुक्त भी बदले गए हैं।

जारी अधिसूचना के अनुसार, देवघर के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह को स्वास्थ्य विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं खूंटी के उपायुक्त लोकेश कुमार भुवानिया को देवघर का नया डीसी नियुक्त किया गया है। पलामू के उप विकास आयुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन को खूंटी का नया उपायुक्त बनाया गया है।

गढ़वा के उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा का तबादला कर उन्हें गढ़वा का ही जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त बनाया गया है, जबकि गढ़वा के वर्तमान डीसी अनन्य मित्तल को झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी (JSLPS) का मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

सरकार ने कई विभागों में भी बड़े स्तर पर फेरबदल किया है। छवि रंजन को खेलकूद निदेशक बनाया गया है, जबकि सुनील कुमार सिंह को सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। विजय कुमार गुप्ता को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल का प्रभारी प्रमंडलीय आयुक्त बनाया गया है।

इसके अलावा कृषि, पर्यटन, उद्योग, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा विभागों में भी कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

सरकार द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। साथ ही नवपदस्थापित जिला दंडाधिकारियों एवं उपायुक्तों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-14 के तहत प्रदत्त शक्तियों के उपयोग का निर्देश भी दिया गया है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....