रामगढ़: जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय यूटिलिटी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं परियोजनाओं से जुड़े लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सीसीएल, विभिन्न कोल परियोजनाओं, पथ निर्माण विभाग, पीवीयूएनएल तथा स्वास्थ्य विभाग सहित कई परियोजनाओं के अधिकारियों से अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की। उन्होंने वनाधिकार अधिनियम (एफआरए), एनओसी, भूमि अधिग्रहण, भू-हस्तांतरण, ग्राम सभा और अन्य लंबित प्रक्रियाओं की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सभी मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि विकास एवं जनहित से जुड़ी योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों और परियोजना अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में अंचलवार समीक्षा के दौरान सभी अंचल अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं, भूमि विवाद, मुआवजा, अतिक्रमण, एनओसी एवं अन्य प्रशासनिक मामलों की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने परियोजना अधिकारियों से यह भी कहा कि कार्यों के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं एवं अवरोधों की जानकारी जिला प्रशासन को नियमित रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई एवं बेहतर समन्वय के माध्यम से समाधान किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन और परियोजना प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों में तेजी आएगी और आमजन को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विजेंद्र कुमार सहित विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित

