Dhanbad: नोटिस मिलने पर संभले विधायक राज सिन्हा, गलियों में लगवाए ढुलू महतो जिंदाबाद के नारे, घर-घर जाकर बांटी पर्ची

mirrormedia
4 Min Read

मिरर मीडिया, डिजिटल डेस्क : Dhanbad लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी की ओर से पार्टी के बाघमारा विधायक ढुलू महतो को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद छिटके धनबाद विधायक राज सिन्हा बुधवार को फार्म में नजर आए।

इस दौरान विधायक ने हीरापुर स्थित भाजपा के चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और उनसे पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए पूरी ताकत झोंकने की अपील की। गौरतलब है कि इससे पहले 20 मई को भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू ने धनबाद विधायक राज सिन्हा समेत पांच मंडल अध्यक्षों को शोकाज नोटिस जारी किया था। प्रदेश महामंत्री ने विधायक समेत मंडल अध्यक्षों पर पार्टी की रीति-नीति के विपरीत काम करने का आरोप लगाते हुए 48 घंटे के अंदर जवाब मांगा था। इधर, 48 घंटे की समय सीमा बीतने के बाद विधायक राज सिन्हा बुधवार को पूरे जोश-खरोश से पार्टी प्रत्याशी ढुलू महतो के समर्थन में चुनाव प्रचार को निकले। गलियों में ढुलू महतो जिंदाबाद के नारे लगवाए तो खुद घर-घर जाकर पर्ची बांटी।

कार्यकर्ताओं से कहा, आप सब पके पकाए:

इससे पहले राज सिन्हा ने हीरापुर स्थित पार्टी के चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कहा कि आप सबको बहुत कुछ बताने की जरूरत नहीं है। आप सब पके-पकाए पुराने कार्यकर्ता हैं और सबको मिलकर ढुलू महतो की जीत के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के संघर्षपूर्ण आंदोलन के बाद अयोध्या में राम मंदिर बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के बिना यह कतई संभव नहीं था। इस दौरान कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि आपके पास अब मात्र दो दिन का समय है और ऐसे में सारे काम छोड़कर ढुलू महतो की जीत सुनिश्चित करने के लिए आपको लगना है। मालूम हो कि धनबाद में 25 मई को मतदान होना है। इधर, पार्टी प्रत्याशी ढुलू महतो ने भी हीरापुर में रैली निकाल कर लोगों से वोट मांगा।

इससे पहले स्वच्छ छवि वाले प्रत्याशी को वोट देने की की थी अपील:

बताया जाता है कि विधायक राज सिन्हा भी लोकसभा के लिए टिकट की रेस में थे। हालांकि बाजी ढुलू महतो ने मारी, जिसके बाद विधायक राज सिन्हा किनारे हो गए थे। हाल ही में कायस्थ महासभा की बैठक में उन्होंने लोगों से स्वच्छ छवि के प्रत्याशी को वोट देने की बात कह दी थी। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष भी भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो पर हमलावर है। ऐसे में विधायक राज सिन्हा के बयान को पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध माना जा रहा था। बीते 20 मई को भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने उन्हें पत्र लिखकर कहा था कि ना तो सांगठनिक कार्यों में आप हिस्सा ले रहे, ना ही आपकी रुचि दिख रही है। ऊपर से चौक-चौराहों पर पार्टी के विपरीत की जा रही गलतबयानी से लोगों में गलत संदेश जा रहा है। स्पष्टीकरण मांगे जाने के बाद चुनाव के आखिरी दिनों में धनबाद विधायक ने जोर दिखाया है।

  • खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।
Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views