सीआईएल क्रय पुस्तिका, ई-टेंडर, जीईएम पोर्टल और एमएसई नीतियों पर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन
बाघमारा: बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र के क्षेत्रीय सभागार में मंगलवार को सामग्री प्रबंधन विभाग की ओर से एमएसई (सूक्ष्म एवं लघु उद्यम) विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य एमएसई विक्रेताओं को खरीद प्रक्रिया, सरकारी नीतियों और व्यवसायिक अवसरों की विस्तृत जानकारी देकर उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने सीआईएल क्रय पुस्तिका, एमएसई खरीद से जुड़े प्रमुख प्रावधानों, एमएसई इकाइयों को मिलने वाले नीतिगत लाभ एवं वरीयताओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विक्रेता पंजीकरण, ई-निविदा (ई-टेंडर), जीईएम (GeM) पोर्टल पर भागीदारी, आवश्यक दस्तावेज और खरीद प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में एमएसई विक्रेताओं ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने अपनी समस्याएं, सुझाव और जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने विक्रेताओं की समस्याओं के समाधान तथा बेहतर समन्वय का आश्वासन दिया।
सामग्री प्रबंधन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक विशाल द्विवेदी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से एमएसई विक्रेताओं में जागरूकता बढ़ेगी और बीसीसीएल एवं विक्रेता समुदाय के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय उद्यमी खरीद प्रक्रिया से जुड़ सकें।

