पलामू – मोहम्मदगंज पुलिस की तत्परता से लापता बच्चा सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा गया

KK Sagar
2 Min Read

मोहम्मदगंज (पलामू)। मोहम्मदगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक लापता बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस की सक्रियता और लगातार की गई खोजबीन के कारण बच्चे को सुरक्षित वापस लाया जा सका, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कादल कुर्मी निवासी भुंडू रजवार का 6 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार रजवार मंगलवार सुबह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। उसके साथ कादल निवासी टक्कू बैठा का 9 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार भी घर से बाहर गया था। दोनों बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने तत्काल मोहम्मदगंज थाना को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नारायण सोरेन के निर्देश पर पुलिस टीम ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान जानकारी मिली कि दोनों बच्चों को सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक भंडरिया गांव स्थित भीम बराज एवं उसके आसपास खेलते हुए देखा गया था। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल रहा था।

पुलिस ने लगातार खोज अभियान जारी रखा और विभिन्न संभावित स्थानों पर जांच की। इसी क्रम में चंदन कुमार रजवार को गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के महुली गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

इस सफल अभियान में एसआई सुबीर किस्कू, एसआई शेख अमानुल्लाह, एसआई कयामुद्दीन समेत अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने मोहम्मदगंज पुलिस का आभार व्यक्त किया और राहत की सांस ली।

पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

मोहम्मदगंज पुलिस की तत्परता और समन्वित प्रयासों के कारण लापता बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है और पुलिस टीम के प्रयासों की प्रशंसा की है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....