साहिबगंज : बरहरवा में चेकिंग के दौरान हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, दो संदिग्ध पदार्थ भी मिले

KK Sagar
2 Min Read

साहिबगंज: बरहरवा थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक युवक को अवैध हथियार और दो संदिग्ध पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद सामग्री की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, जबकि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि सिरासिंह गांव की ओर से एक व्यक्ति टेंपो में अवैध हथियार लेकर गुजरने वाला है। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर फुटनी मोड़ चेकनाका पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध टेंपो को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी में एक देशी लोडेड पिस्टल के अलावा सफेद और गुलाबी रंग के दो संदिग्ध पदार्थ बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी इन सामानों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का थाना क्षेत्र स्थित धरमडांगा निवासी एकराम मोमिन के रूप में हुई है। पुलिस ने बरहरवा थाना कांड संख्या 194/26 दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए अग्रेषित कर दिया है।

पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि बरामद संदिग्ध पदार्थों को जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वे पदार्थ किस श्रेणी के हैं। साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, एएसआई जलेंद्र रजक, हवलदार धर्मेंद्र मड़ैया, हवलदार सुनील टुडू तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....