मोरक्को में आए भूकंप से भारी तबाही : अबतक 296 लोगों के मारे जाने की खबर : PM मोदी ने जताया दुःख कहा भारत सहायता के लिए तैयार
1 min read
मिरर मीडिया : मोरक्को में शुक्रवार रात आए 6.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद कम से कम 296 लोग मारे गए हैं। इस प्राकतिक आपदा को लेकर देश के संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने कहा कि यह बीते 120 से अधिक सालों में उत्तरी अफ्रीकी राष्ट्र के इस हिस्से में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप था। एक रिपोर्ट के अनुसार भूकंप रात 11:11 बजे (2211 GMT) आया। इसका केंद्र मराकेश से 71 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में जमीन के 18.5 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके मोरक्को के तटीय शहरों रबात, कैसाब्लांका और एस्सौइरा में भी महसूस किए गए।
अनुमान लगाया गया है कि महत्वपूर्ण क्षति होने की संभावना है, और भूकंप झटकों से संबंधित मौतों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जो दर्शाता है कि बड़े पैमाने पर लोगों के हताहत होने की संभावना है। अफ्रीकी और यूरेशियाई प्लेटों के बीच स्थित होने के कारण मोरक्को के उत्तरी क्षेत्र में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। साल 2004 में, अल होसेइमा में आए भूकंप में कम से कम 628 लोग मारे गए थे और 926 घायल हुए थे।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ हैं। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल जल्द से जल्द ठीक हों, इसके लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।