HomeDhanbadRailwayपूर्व मध्य रेल ने महिला दिवस पर बेटियों की शिक्षा और सेहत...

पूर्व मध्य रेल ने महिला दिवस पर बेटियों की शिक्षा और सेहत का रखा ख्याल, 446 बेटियों को मिली 80.30 लाख की छात्रवृत्ति

हाजीपुर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यालय, हाजीपुर स्थित वैशाली रेल प्रेक्षागृह में एक विशेष समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में महिला रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया और उनके हित में विभिन्न पहल की गईं।

इस समारोह का उद्घाटन पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह और पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह ने किया। इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन द्वारा रेलवे कर्मचारियों की 446 चयनित पुत्रियों को उच्च तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए 80.30 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। यह सहायता कर्मचारी कल्याण निधि से दी गई, जिससे रेलकर्मियों की बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहयोग मिलेगा।

महिला दिवस आधी आबादी के संघर्षों को याद करने का दिन

महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने इस अवसर पर महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस “आधी आबादी” के संघर्षों को सम्मान देने और उनकी उपलब्धियों को सराहने का दिन है। उन्होंने बताया कि आज भारतीय रेलवे में लगभग एक लाख महिलाएं विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं, जिनमें पूर्व मध्य रेलवे में 5000 से अधिक महिला अधिकारी, डॉक्टर, पारा-मेडिकल स्टाफ, लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, इंजीनियर, गार्ड और ट्रैक मेंटेनर जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं।

पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह ने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा, “आज न केवल देश, बल्कि विश्व स्तर पर महिलाओं के नेतृत्व की सराहना हो रही है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और भारतीय रेल में भी महिलाएं प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं।”

महिला कर्मचारियों के लिए लगा हेल्थ चेकअप कैंप

महिला दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल मुख्यालय में महिला रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें डॉ. सुबोध कुमार मिश्र, प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा 54 महिला रेल कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई। डॉक्टरों ने उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिए।

इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा एवं अन्य कार्यकारी सदस्याएं भी उपस्थित थीं।

(रिपोर्ट: मिरर मीडिया डिजिटल)

चैनल से जुड़े:

Mirror Media state

Uday Kumar Pandey
Uday Kumar Pandeyhttps://mirrormedia.co.in
मैं उदय कुमार पाण्डेय, मिरर मीडिया के न्यूज डेस्क पर कार्यरत हूँ।

Most Popular