सम्राट सरकार ने कर्मचारियों के लिए सख्त किए नियम, ऑफिस आने-जाने में नहीं चलेगी मनमर्जी

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार में सरकारी कर्मचारियों की ऑफिस पहुंचने में ढिलाई नहीं चलेगी। प्रदेश की नई सम्राट सरकार ने सरकारी कर्मियों की कार्यशैली में सुधार लाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सभी को निर्धारित समय पर आफिस पहुंचना होगा। तय टाइमटेबल के मुताबिक ही कामकाज और छुट्टी होगी।

डिजिटली रखा जाएगा हर मिनट का हिसाब

बिहार सरकार ने सरकारी दफ्तरों में काम करने के लिए नया ऑफिस शेड्यूल जारी किया है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने राज्य के सभी सरकारी कर्मियों के लिए कार्यालय आने-जाने के समय को लेकर एक सख्त दिशा-निर्देश जारी किया है। नए आदेश के अनुसार, अब सरकारी कर्मचारी अपनी मर्जी से दफ्तर नहीं आ पाएंगे। हर मिनट का हिसाब डिजिटल हाजिरी के जरिए रखा जाएगा।

Advertisement

आने-जाने के साथ खाने का भी टाइम फिक्स

इस आदेश के अनुसार सभी सरकारी कर्मियों के लिए अब बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही सुबह 9.30 बजे से शाम के 6 बजे तक ऑफिस टाइम तय की गई है। जारी लेटर में समय पर ऑफिस पहुंचना अनिवार्य कर दिया गया है। लंच का टाइम दोपहर में एक से 2 बजे तक का निर्धारित किया गया है।

महिला कर्मियों का समय एक घंटा कम

वहीं महिला कर्मियों को शाम 5 बजे तक कार्यालय से छूट दी गई है। साथ ही कुछ क्षेत्रीय कार्यालयों के लिए कार्य अवधि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके अलावा नवंबर से फरवरी के बीच सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्य समय में आंशिक बदलाव का प्रावधान भी रखा गया है।

नियम पालन नहीं करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सरकार ने साफ किया है कि सभी विभागों, जिलाधिकारियों (DM) और पुलिस मुख्यालय को इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना होगा। ड्यूटी पर लेट से आने या अटेंडेंस में झोल-झाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाने की बात भी कही गई है।

Share This Article