डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। खालसा स्कूल के पास टाइगर मोबाइल के एक जांबाज जवान ने अपनी जान पर खेलकर करीब 4 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बागबेड़ा निवासी मनीष मुखी उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
टाइगर मोबाइल के जवान तबरेज खान को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बाइक सवार युवक भारी मात्रा में गांजा लेकर सिदगोड़ा इलाके में सौदेबाजी के लिए आने वाला है। सूचना मिलते ही जवान ने खालसा स्कूल के पास घेराबंदी कर दी। जैसे ही मनीष मुखी वहां पहुंचा, पुलिस को देखकर उसने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगा।
पीछा और फिर पिस्तौल का डर
जवान तबरेज खान ने हिम्मत नहीं हारी और तस्कर का पीछा शुरू किया। कुछ दूर जाने के बाद आरोपी की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, लेकिन वह फिर भी पैदल भागने की जद्दोजहद करता रहा। जब तस्कर काबू में नहीं आया, तो अंततः जवान को अपनी पिस्तौल ताननी पड़ी। हथियार देखते ही आरोपी के हाथ-पांव फूल गए और उसने सरेंडर कर दिया। इस पूरी गुत्थमगुत्थी और आरोपी को दबोचने के दौरान जवान तबरेज खान को हल्की चोटें भी आई हैं, लेकिन उनकी मुस्तैदी की वजह से नशीले पदार्थो की एक बड़ी खेप पकड़ी गई।
4 किलो गांजा बरामद
पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से लगभग 4 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी मनीष को हिरासत में लेकर उसकी बाइक ज़ब्त कर ली है। सिदगोड़ा पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और शहर में किसे सप्लाई करने वाला था।

