जनगणना से ‘जंगलमहल राज्य’ तक! आसनसोल में बाउरी समाज ने बुलंद की बड़ी मांग

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल: अखिल भारतीय समस्त बाउरी समाज संगठन की ओर से रविवार को संकतोड़िया हॉस्पिटल मोड़ स्थित अंबेडकर भवन में विशाल कर्मी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज के अधिकारों, जनगणना में पारदर्शिता, आरक्षण और अलग ‘जंगलमहल राज्य’ के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही संगठन ने आगामी जनगणना को लेकर समाज के लोगों से पूरी सतर्कता बरतने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल राज्य सभापति गणेश बाउरी ने कहा कि 1 अगस्त से शुरू होने वाली जनगणना के दौरान समाज के प्रत्येक परिवार को अपने सही पंजीकरण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2011 की जनगणना में बाउरी समाज की आबादी के आंकड़ों में कथित रूप से गड़बड़ी हुई थी, जिससे समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि इस बार संगठन घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगा, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार का सही तरीके से पंजीकरण सुनिश्चित हो सके।

सम्मेलन में वक्ताओं ने जिला पुनर्गठन के बाद पश्चिम बर्धमान में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए विधानसभा एवं लोकसभा सीटों के आरक्षण में संतुलन बनाए जाने की मांग उठाई। इसके अलावा महिला आरक्षण एवं संसदीय सीटों में वृद्धि संबंधी विधेयक लागू होने के बाद बांकुड़ा, बीरभूम, पूर्वी एवं पश्चिमी बर्धमान, पूर्वी एवं पश्चिमी मेदिनीपुर तथा पुरुलिया को मिलाकर अलग ‘जंगलमहल राज्य’ के गठन की मांग भी दोहराई गई।

सम्मेलन के दौरान संगठन के राज्य एवं जिला स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए और समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम में गणेश बाउरी, नवकुमार बाउरी, श्यामापद बाउरी, पुस्जित बाउरी, सेमल बाउरी, देवव्रत बाउरी, सम्राट बाउरी, अश्विन बाउरी, काजल बाउरी, राकेश बाउरी, शामल बाउरी और असीम बाउरी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....