ओडिशा से जमशेदपुर तक फैला गांजा नेटवर्क, सफेद बोलेरो में घूमकर पुड़िया बेचने वाला तस्कर गिरफ्तार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर लोकल मार्केट में सप्लाई करने वाले एक शातिर तस्कर को धर दबोचा। आरोपी के पास से करीब 3.865 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।

गुप्त सूचना पर बनी स्पेशल टीम, अश्वनी चौक के पास बिछाया जाल
​10 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि खकड़ीपाड़ा से अश्वनी चौक की ओर एक सफेद बोलेरो गाड़ी में गांजे की बड़ी खेप बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ललित मीणा और डीएसपी (सिटी) के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर इलाके में घेराबंदी की और खकड़ीपाड़ा-अश्वनी चौक मार्ग पर संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली।

ओडिशा के क्योंझर से जुड़ा है नेटवर्क
​गाड़ी की जांच करने पर उसमें से 3.865 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही बोलेरो चालक को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान डुमरिया (पूर्वी सिंहभूम) के तुरीगोड़ा निवासी 33 वर्षीय माधव कर्मकार के रूप में हुई है।
​पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह ओडिशा के क्योंझर से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर लाता था और फिर जमशेदपुर व आसपास के इलाकों में घूम-घूमकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचता था।

बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी कर ली है। साथ ही गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद बोलेरो को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस ओडिशा के उन सप्लायरों और जमशेदपुर के स्थानीय संपर्कों की तलाश में जुट गई है, जो इस अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का हिस्सा हैं।

Share This Article