धनबाद। बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडीह, राजगंज में मंगलवार को CBSE क्लस्टर-3 बालक वर्ग कबड्डी चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा और NCC कमांडिंग ऑफिसर अनिमेष झा ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार, ISL भूली की प्राचार्या ज्योति सिन्हा और जीएम पब्लिक स्कूल, गोमो के प्राचार्य बादल मंडल उपस्थित रहे।
1466 खिलाड़ियों ने किया मार्च पास्ट
चैंपियनशिप का शुभारंभ झारखंड और बिहार से पहुंचे 136 स्कूलों के 1466 खिलाड़ियों के मार्च पास्ट से हुआ। इस दौरान विद्यालय के बैंड ग्रुप ने शानदार प्रस्तुति दी। इसके बाद अतिथियों ने खेल ध्वज फहराकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
कार्यक्रम में CBSE द्वारा नियुक्त कबड्डी ऑब्जर्वर अरविंद कुमार और तकनीकी ऑब्जर्वर राजेश सिंह भी मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
उद्घाटन समारोह में विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं झारखंड, बिहार, राजस्थान और असम की संस्कृतियों से जुड़े नृत्य की प्रस्तुति ने खिलाड़ियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद कुमार ने अतिथियों एवं प्रतियोगिता में पहुंचे प्रतिभागियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
कबड्डी संघ के निर्णायक संभाल रहे जिम्मेदारी
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए धनबाद एवं झारखंड कबड्डी संघ के निर्णायक मौजूद हैं। इनमें तपन कुमार रावत, तिलक राम साहू, एम. त्रिपाठी और यशवंत साहू प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष प्रदीप मंडल, विद्यालय के चेयरमैन अमर कुमार पाल और अन्य खिलाड़ियों ने नारियल फोड़कर प्रतियोगिता के खेल चरण का शुभारंभ किया।
15 अगस्त को होगा प्रतियोगिता का समापन
प्रतियोगिता का समापन 15 अगस्त को होगा। फाइनल मैच के दिन जिले के उपायुक्त आदित्य रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रतियोगिता के आयोजन में विद्यालय के अधिकांश बच्चे वालंटियर्स के रूप में सहयोग कर रहे हैं। वहीं स्कूल के NCC कैडेट्स ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पहले दिन बिहार की टीमों का रहा दबदबा
प्रतियोगिता के पहले दिन 17 वर्ष आयु वर्ग में लिट्रा पब्लिक स्कूल, बिहार और प्रकाश पुंज पब्लिक स्कूल, मसौढ़ी, बिहार के बीच मुकाबला हुआ। इसमें प्रकाश पुंज पब्लिक स्कूल, बिहार की टीम विजेता रही।
वहीं 14 वर्ष आयु वर्ग में ग्रिजली विद्यालय, कोडरमा और सिटी पब्लिक स्कूल, गया के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सिटी पब्लिक स्कूल विजेता रहा।
प्रतियोगिता में झारखंड और बिहार से आए 1400 से अधिक खिलाड़ियों के लिए विद्यालय परिसर में ही आवासीय व्यवस्था की गई है। आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन, NCC कैडेट्स और छात्र-वालंटियर्स लगातार सक्रिय हैं।

