NCC ग्रुप हजारीबाग के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर दीपक गौर पहुंचे 5 झारखंड बटालियन एनसीसी, कैडेट्स को किया संबोधित

Neelam
By Neelam
2 Min Read

धनबाद- हजारीबाग ग्रुप एनसीसी के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर दीपक गौर ने प्रशासनिक निरीक्षण के क्रम में 5 झारखंड बटालियन धनबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उद्देश्य बटालियन के कार्यों की समीक्षा एवं मूल्यांकन की। विशेष रूप से एनसीसी कैडेटों के प्रशिक्षण, प्रशासनिक व्यवस्था एवं वित्तीय प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित किया।

निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर दीपक गौर ने पूरे वर्ष संचालित एनसीसी प्रशिक्षण गतिविधियों का व्यापक ऑडिट किया तथा निर्धारित एनसीसी प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उसकी गुणवत्ता की समीक्षा की। प्रशिक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन इस दृष्टिकोण से किया गया कि कैडेटों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, चरित्र निर्माण, शारीरिक दक्षता एवं सेवा भावना विकसित करने के पर्याप्त अवसर प्राप्त हों।

ग्रुप कमांडर ने बटालियन की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की, जिसमें अभिलेखों एवं दस्तावेजों का रख-रखाव, आधारभूत संरचना, कैडेट कल्याण तथा एनसीसी गतिविधियों के सुचारू संचालन से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का निरीक्षण शामिल था। इसके साथ ही, यूनिट के वित्तीय प्रबंधन एवं व्यय संबंधी पहलुओं की भी जांच की गई,ताकि उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग एवं निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जा सके। इस प्रशासनिक निरीक्षण के माध्यम से बटालियन की समग्र प्रगति का आकलन करने तथा एनसीसी प्रशिक्षण एवं प्रशासन के संचालन में आवश्यक सुधार के क्षेत्रों की पहचान करने का अवसर हुआ।

इस दौरान ब्रिगेडियर दीपक गौर ने बटालियन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद किया तथा एनसीसी गतिविधियों के प्रभावी संचालन एवं कैडेटों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। यह दौरा 5 झारखंड बटालियन एनसीसी, धनबाद की उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, प्रशासनिक एवं वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा युवा कैडेटों को जिम्मेदार, अनुशासित एवं राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित नागरिक के रूप में तैयार करने की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है।

Share This Article